Bihar News : बिहार में 'दबंग' चौकीदार की करतूत, शराब पार्टी के बाद गलत नियत से तीन डांसरों को कमरे में किया बंद, पुलिस ने होटल संचालक सहित 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Bihar News : बिहार में 'दबंग' चौकीदार की करतूत, शराब पार्टी

MUZAFFARPUR : जिले के सरैया थाना क्षेत्र से खाकी को शर्मसार करने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ सरैया थाने में ही कार्यरत एक चौकीदार ने होटल संचालक के साथ मिलकर न केवल शराब पार्टी की, बल्कि बाहर से बुलाई गई तीन महिला डांसरों को गलत नीयत से कमरे में बंधक बना लिया। प्रशिक्षु आईपीएस सह थाना अध्यक्ष प्रसन्ना कुमार के नेतृत्व में हुई त्वरित छापेमारी के बाद पुलिस ने आरोपी चौकीदार, होटल संचालक और ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कमरे में बंद तीनों महिलाओं को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कराया है।

होटल में चल रही थी महफिल और शराब पार्टी

पूरा मामला सरैया थाना क्षेत्र के मानिकपुर चौक स्थित 'राजू स्वीट्स एंड बेकरी' नामक होटल का है। रविवार की देर रात चौकीदार ने होटल संचालक के साथ मिलकर एक ऑटो से तीन महिला डांसरों को बुलाया था। जानकारी के अनुसार, होटल के भीतर पहले शराब का दौर चला और जब नशा गहराया, तो चौकीदार और संचालक ने मिलकर तीनों महिलाओं को गलत इरादे से एक कमरे में बंद कर दिया। इस बीच, घटना की भनक पुलिस को लग गई और देर रात ही होटल की घेराबंदी कर दी गई।

प्रशिक्षु आईपीएस की छापेमारी में हुआ खुलासा

मामले की गुप्त सूचना मिलते ही प्रशिक्षु आईपीएस सह सरैया थाना अध्यक्ष प्रसन्ना कुमार ने दलबल के साथ होटल पर धावा बोल दिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से चौकीदार और होटल संचालक को शराब के नशे में धुत पाया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उस कमरे का दरवाजा खुलवाया जहाँ तीनों महिला डांसरों को कैद किया गया था। पुलिस ने उस ऑटो चालक को भी हिरासत में लिया है, जो महिलाओं को लेकर होटल पहुँचा था। जाँच में चौकीदार और संचालक के शराब पीने की पुष्टि हुई है।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने की सख्त कार्रवाई की पुष्टि

मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ दो अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। एक तरफ शराब के सेवन का मामला है, तो दूसरी तरफ महिला डांसरों द्वारा दिए गए बयान के आधार पर छेड़खानी और बंधक बनाने की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह विभाग का ही कर्मचारी क्यों न हो।

चौकीदार की सेवा समाप्ति के लिए पत्र जारी

इस शर्मनाक घटना के बाद आरोपी चौकीदार पर विभागीय गाज गिरनी तय है। एसएसपी ने बताया कि चौकीदार को सेवा से बर्खास्त करने के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि रक्षक द्वारा भक्षक बनने की इस हरकत पर उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। फिलहाल, गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस कार्रवाई से इलाके के अन्य होटल संचालकों और दागी कर्मियों में हड़कंप मच गया है।

मणिभूषण की रिपोर्ट