गांव पहुंचा प्रशासन, विकास शिविर बना पावर सेंटर, विधायक ने गांव में ही समस्याओं का किया ऑन स्पॉट समाधान

Bihar News:गांव-गांव लग रहे विकास शिविर अब आम लोगों के लिए राहत का सबब बनते जा रहे हैं, जहां समस्याओं का समाधान ऑन द स्पॉट किया जा रहा है।

Admin camp turns power hub
विकास शिविर बना पावर सेंटर- फोटो : reporter

Muzaffarpur:जिला के कांटी क्षेत्र में सियासत अब सिर्फ भाषण तक सीमित नहीं रही, बल्कि सीधे एक्शन मोड में नजर आ रही है। गांव-गांव लग रहे विकास शिविर अब आम लोगों के लिए राहत का सबब बनते जा रहे हैं, जहां समस्याओं का समाधान ऑन द स्पॉट किया जा रहा है। इसी कड़ी में शाहपुर पंचायत भवन में आयोजित शिविर ने लोगों को एक नई उम्मीद दी।

स्थानीय विधायक अजीत कुमार ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया और साफ लहजे में कहा कि चुनाव के वक्त जो वादे जनता से किए गए थे, उन्हें हर हाल में पूरा करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अब जनता को प्रखंड और अंचल कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, बल्कि सरकार खुद गांव में पहुंचकर समस्याओं का समाधान करेगी।

शिविर में राशन कार्ड, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, नल-जल योजना, बिजली, स्वास्थ्य, पेंशन, शिक्षा और कृषि जैसे कई अहम मुद्दे उठे। विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि हर शिकायत का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

शाहपुर के वार्ड 11 में नल-जल योजना नहीं पहुंचने की शिकायत पर विधायक ने मौके से ही पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता से फोन पर बात कर टीम भेजने और योजना को जल्द चालू करने का आदेश दिया। वहीं, शिव मंदिर के पास जलजमाव की समस्या पर भी एक सप्ताह के भीतर समाधान का अल्टीमेटम दिया गया।

इस दौरान विधायक ने आईसीडीएस द्वारा आयोजित गोद भराई कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया और बच्चों के बीच वस्त्र वितरण कर सामाजिक सरोकार का संदेश दिया। विभिन्न विभागों के स्टॉल पर जाकर उन्होंने योजनाओं की जानकारी भी ली और अधिकारियों की कार्यशैली पर नजर रखी।शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान ने इस पहल को जनहितकारी बना दिया है। लोगों का कहना है कि इस तरह के शिविर से न सिर्फ समय की बचत हो रही है, बल्कि सरकारी व्यवस्था पर भरोसा भी मजबूत हो रहा है। कांटी में यह ऑन द स्पॉट मॉडल अब एक नई प्रशासनिक मिसाल बनता नजर आ रहा है, जहां जनता का फरमान सीधे हकीकत में तब्दील हो रहा है।

रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह