Bihar News : मुजफ्फरपुर में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, मदांता अस्पताल समेत 13 निजी नर्सिंग होम पर जड़ा ताला
Bihar News : मुजफ्फरपुर में मानक विहीन निजी नर्सिंग होम व स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। 13 निजी अस्पतालों पर जड़ा ताला......पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में स्थित श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SKMCH) के निकटवर्ती क्षेत्रों में संचालित हो रहे अवैध और मानक विहीन निजी नर्सिंग होम व स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। जिला पदाधिकारी के कड़े निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी) तुषार कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस औचक छापेमारी और जांच के दौरान नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले कुल 13 निजी स्वास्थ्य संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है।
आम मरीजों की स्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए तथा निजी चिकित्सा केंद्रों में सरकारी मानदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा तीन अलग-अलग विशेष जांच टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुसहरी, मीनापुर, गायघाट एवं औराई के वरिष्ठ चिकित्सा पदाधिकारियों को शामिल किया गया था। इन टीमों ने एसकेएमसीएच (SKMCH) के आस-पास के इलाकों में चल रहे निजी अस्पतालों, नर्सिंग होमों और अल्ट्रासाउंड केंद्रों का सघन निरीक्षण किया।
प्रशासनिक जांच के दौरान इन निजी संस्थानों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं उजागर हुईं। कई अस्पतालों में आवश्यक सरकारी मानकों, लाइसेंसिंग नियमों तथा क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के अनिवार्य प्रावधानों का खुला उल्लंघन पाया गया। कुछ केंद्रों के पास संचालन से जुड़े वैध दस्तावेज तक उपलब्ध नहीं थे। मरीजों की जान के साथ हो रहे इस खिलवाड़ को देखते हुए अधिकारियों ने त्वरित एक्शन लेते हुए 12 संस्थानों को मौके पर सील कर दिया, जबकि इससे पहले 5 जून को भी नियमों के उल्लंघन के आरोप में मदांता अस्पताल को सील किया जा चुका था।
विभागीय कार्रवाई के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुसहरी एवं मीनापुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की टीम द्वारा सर्वाधिक छह संस्थानों को सील किया गया। इसके अलावा, गायघाट और औराई की जांच टीमों ने भी तत्परता दिखाते हुए तीन-तीन अवैध स्वास्थ्य संस्थानों के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई को अंजाम दिया। सील किए गए प्रमुख संस्थानों में बालाजी हेल्थ केयर, रेडियस हेल्थ केयर, संतोष चाइल्ड केयर हॉस्पिटल, आशा हेल्थ केयर, श्री गंगाराम इमरजेंसी हॉस्पिटल, तिरुपति नर्सिंग होम, आयुष्मान हेल्थ केयर एंड हॉस्पिटल, सम्राट हॉस्पिटल, एस-एस हॉस्पिटल, हेल्थ केयर एंड हॉस्पिटल, भूमि चाइल्ड केयर हॉस्पिटल तथा ओम अल्ट्रासाउंड शामिल हैं।
इस बड़ी और कड़क कार्रवाई के संबंध में जिले के सिविल सर्जन ने दो टूक शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े हर छोटे-बड़े संस्थान को सरकार द्वारा निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन करना अनिवार्य है। मरीजों के जीवन और उनकी सेहत के साथ किसी भी प्रकार का समझौता कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले दिनों में भी यह निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा और गड़बड़ी मिलने पर और भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मणिभूषण की रिपोर्ट