Munger arms recovery: मुंगेर के हवेली खड़गपुर जंगल में SSB-पुलिस का बड़ा एक्शन, हथियार बरामद
Munger arms recovery: मुंगेर के हवेली खड़गपुर जंगल में SSB और पुलिस ने छापेमारी कर हथियार और कारतूस बरामद किए। इसके संबंध में जांच जारी है।
Munger arms recovery: मुंगेर के हवेली खड़गपुर इलाके में जंगल के अंदर छिपाकर रखे गए हथियार और कारतूस मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। यह कार्रवाई सशस्त्र सीमा बल (SSB) और स्थानीय पुलिस ने मिलकर की है।जानकारी के अनुसार, SSB की 16वीं बटालियन (जमुई) के कमांडेंट के आदेश पर टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कंदनी जंगल और पहाड़ी इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। यह अभियान एक गुप्त सूचना मिलने के बाद शुरू किया गया था। इसी दौरान कंदनी गांव से करीब 500 मीटर दूर जंगल के अंदर छिपाकर रखे गए हथियार बरामद हुए।
बरामद सामान में एक देसी कट्टा, एक देसी बंदूक (मस्कट) और 22 जिंदा कारतूस मिले हैं। सभी हथियारों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई के लिए हवेली खड़गपुर थाना को सौंप दिया गया है।अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ये हथियार वहां किसने रखे थे और किस काम के लिए छिपाए गए थे। शक है कि इनका इस्तेमाल किसी अपराध या नक्सली गतिविधि में किया जा सकता था।
मुंगेर के पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी
मुंगेर के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि SSB और पुलिस लगातार जंगल और पहाड़ी इलाकों में सर्च अभियान चला रही है। इसी वजह से अब तक कई जगहों से हथियार बरामद किए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुंगेर अब नक्सल प्रभावित इलाका नहीं रहा है और इसे पूरी तरह सुरक्षित बनाने की कोशिश जारी है। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है ताकि अगर और हथियार छिपे हों तो उन्हें भी बरामद किया जा सके।
मुंगेर से इम्तियाज की रिपोर्ट