Munger Child Kidnapping: मुंगेर में 3 साल के अभिराज का अपहरण, कुछ घंटों में खुलासा! भोजपुर से सकुशल बरामद, 6 गिरफ्तार

Munger Child Kidnapping: मुंगेर में तीन साल के अभिराज के अपहरण का पुलिस ने कुछ घंटों में खुलासा किया। CCTV और तकनीकी जांच से बच्चे को भोजपुर में लग्जरी गाड़ी से सकुशल बरामद किया गया और 6 लोग गिरफ्तार हुए।

Munger Child Kidnapping

Munger Child Kidnapping: बिहार के मुंगेर में तीन साल के बच्चे के गायब होने की सूचना के बाद पुलिस ने कुछ ही घंटों में उसे सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, बच्चे को एक नाबालिग लड़की बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई थी। जांच में बच्चे को पंजाब के एक परिवार को बेचने की बात सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5 बजे कोतवाली थाना पुलिस को सूचना मिली कि लालदरवाजा इलाके से विनोद यादव का तीन साल का बेटा अभिराज गायब है। परिजनों के मुताबिक, बच्चा दोपहर करीब डेढ़ बजे से लापता था। परिवार ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

CCTV से सामने आया पूरा मामला

सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में मोहल्ले की एक नाबालिग लड़की बच्चे को अपने साथ ले जाती दिखाई दी। पुलिस के अनुसार, फुटेज में लड़की का पिता भी एक गाड़ी को इशारा करके बुलाता हुआ नजर आया। इसके बाद बच्चे और लड़की को एक लग्जरी गाड़ी में बैठते देखा गया। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने मोहल्ले के ही नीरज यादव के घर पर छापेमारी की। पुलिस ने नीरज यादव और उसकी नाबालिग बेटी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को एक लाख रुपये भी मिले।

पूछताछ में पंजाब भेजे जाने की जानकारी

पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि तीन साल के बच्चे को पंजाब के एक परिवार को बेच दिया गया है। इसके बाद पुलिस ने बच्चे को ले जाने वाली गाड़ी का पता लगाने के लिए उसके नंबर प्लेट और मोबाइल लोकेशन की मदद ली।

भोजपुर पुलिस को किया गया अलर्ट

तकनीकी जांच के दौरान लग्जरी गाड़ी के भोजपुर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद मुंगेर पुलिस ने भोजपुर पुलिस से संपर्क किया और पूरे मामले की जानकारी दी। भोजपुर पुलिस ने हाईवे पर संदिग्ध गाड़ी की तलाश शुरू की। कुछ समय बाद पुलिस ने गाड़ी को रोककर उसकी तलाशी ली।

गाड़ी से सकुशल मिला मासूम

पुलिस ने लग्जरी गाड़ी के अंदर से तीन साल के अभिराज को सकुशल बरामद कर लिया। बच्चे को सुरक्षित मुंगेर पुलिस के हवाले किया गया। पुलिस ने गाड़ी में सवार पंजाब की तीन महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले मुंगेर में दो लोगों को हिरासत में लिया गया था। इस तरह मामले में कुल 6 लोगों की गिरफ्तारी की गई है। एक नाबालिग को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

बच्चे की खरीद-फरोख्त की जांच जारी

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बच्चे को पंजाब भेजने और उसकी खरीद-फरोख्त की कोशिश के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस तरह का नेटवर्क पहले से चल रहा था या यह किसी एक मामले से जुड़ा है।

पुलिस टीम को मिलेगा इनाम

बच्चे की जल्दी और सुरक्षित बरामदगी के बाद मुंगेर एसपी ने पुलिस टीम की कार्रवाई की तारीफ की है। उन्होंने कोतवाली थाना के SHO और इस ऑपरेशन में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने की बात कही है। CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और दोनों जिलों की पुलिस के बीच तालमेल से पुलिस ने कुछ ही घंटों में बच्चे को बरामद कर लिया।

मुंगेर से इम्तियाज की रिपोर्ट