Bihar News : मुंगेर में खनन विभाग का बड़ा एक्शन, बिना चालान के 6 ट्रकों को किया जब्त, मालिकों को भरना होगा 54 लाख रूपये जुर्माना
MUNGER : जिले में अवैध खनन और बिना चालान के खनिजों के परिवहन पर नकेल कसने के लिए खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कृष्ण सेतु चेक पोस्ट के पास चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान टीम ने गिट्टी लदे छह ट्रकों को जब्त किया है। इन सभी ट्रकों के पास वैध चालान नहीं थे।
चार चालक गिरफ्तार, दो हुए फरार
अभियान के दौरान पुलिस और खनन विभाग की टीम ने चार ट्रक चालकों को मौके पर ही दबोच लिया। हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही दो चालक और सभी ट्रकों के सहचालक (खलासी) भागने में सफल रहे। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
54 लाख रुपये का भारी जुर्माना
इस कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे खान निरीक्षक अभिमन्यु कुमार ने बताया कि जब्त किए गए सभी ट्रकों को मुफस्सिल थाना के सुपुर्द कर दिया गया है। खनन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए खनन अधिनियम के तहत प्रत्येक ट्रक पर 9 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इस प्रकार, कुल छह ट्रकों पर 54 लाख रुपये का भारी जुर्माना निर्धारित किया गया है।
मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज
खान निरीक्षक के बयान पर मुफस्सिल थाना में अवैध परिवहन और खनन अधिनियम के उल्लंघन के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अवैध गिट्टी की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी।
माफियाओं में हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद जिले के अवैध परिवहन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बिना चालान या ओवरलोडिंग के परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इम्तियाज़ की रिपोर्ट