Bihar News : बिहार में बेख़ौफ़ बदमाशों ने सरकारी दफ्तर को भी नहीं छोड़ा, एसपी कार्यालय के समीप की चोरी, लाखों का सामान किया गायब
Bihar News : मुंगेर में एसपी कार्यालय के पीछे स्थित अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग के सरकारी कार्यालय में देर रात चोरी की बड़ी वारदात हुई है। जहाँ बेख़ौफ़ चोरों ने लाखों का सामान गायब कर दिया......पढ़िए आगे
MUNGER : मुंगेर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले किला क्षेत्र में चोरों ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। एसपी कार्यालय के ठीक पीछे स्थित अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग के सरकारी कार्यालय में देर रात चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस दुस्साहसिक घटना के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
सीसीटीवी बंद कर वारदात को दिया अंजाम
यह मामला बुधवार की रात का है। चोरों ने बेहद शातिराना अंदाज में दफ्तर के पीछे की खिड़की तोड़ी और अंदर दाखिल हो गए। पकड़े जाने के डर से चोरों ने अंदर घुसते ही सबसे पहले सीसीटीवी (CCTV) सिस्टम का मेन स्विच बंद कर दिया ताकि उनकी कोई भी हरकत या तस्वीर कैमरे में कैद न हो सके। इसके बाद चोरों ने पूरे आराम से दफ्तर को खंगाला।
कंप्यूटर, एलईडी और एसी के पार्ट्स गायब
चोरों ने कार्यालय से चार कंप्यूटर सीपीयू (CPU), एक बड़ा एलईडी (LED) टीवी और एसी (AC) व उसके स्टेबलाइजर के महत्वपूर्ण कीमती पार्ट्स चोरी कर लिए। इतना ही नहीं, चोरों ने जाते-जाते कार्यालय के कई अन्य सामानों और सरकारी दस्तावेजों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
सुबह कर्मचारियों के पहुंचने पर हुआ खुलासा
घटना का खुलासा गुरुवार सुबह तब हुआ जब कार्यालय के कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंचे। दफ्तर की टूटी खिड़की और अंदर बिखरा सामान देख कर्मचारी दंग रह गए। इसकी सूचना तुरंत वरीय अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
इस घटना ने मुंगेर पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और कर्मियों के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि जो इलाका एसपी कार्यालय और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी दफ्तरों के बेहद करीब है और जहां हर वक्त सुरक्षा का दावा किया जाता है, वहां चोर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार कैसे हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश कर चोरों का सुराग लगाने की कोशिश कर रही है।
इम्तियाज़ की रिपोर्ट