Bihar News: तेल टपका तो लूटने के लिए उमड़ी भीड़, हाईवे पर बहने लगा कुकिंग ऑयल, बाल्टी-डिब्बा लेकर टूट पड़े लोग
Bihar News: सड़क पर अचानक कुकिंग ऑयल बहने लगा और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।....
Bihar News: मुंगेर के बरियारपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-333 पर एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने राहगीरों को भी हैरान कर दिया। सड़क पर अचानक कुकिंग ऑयल बहने लगा और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हालात ऐसे बन गए कि किसी के हाथ में बाल्टी थी, तो कोई बोतल, डिब्बा और अन्य बर्तन लेकर तेल बटोरने में जुट गया।
घटना पड़िया गांव के समीप की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार कोलकाता से नेपाल जा रहा एक कंटेनर कुकिंग ऑयल लेकर गुजर रहा था। इसी दौरान कंटेनर के एक हिस्से में रिसाव हो गया और तेल सड़क पर बहने लगा। जैसे ही आसपास के लोगों को इसकी भनक लगी, मौके पर तेल जमा करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। कुछ ही देर में हाईवे का दृश्य किसी अस्थायी तेल वितरण केंद्र जैसा नजर आने लगा।
कंटेनर चालक के मुताबिक उसे पहले भागलपुर के विक्रमशिला पुल के रास्ते नेपाल जाना था, लेकिन पुल की स्थिति को देखते हुए उसने अपना रूट बदलकर मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु के रास्ते यात्रा शुरू की। रास्ते में जाम में फंसने के दौरान कंटेनर से तेल का रिसाव शुरू हो गया, जिसकी जानकारी उसे बाद में मिली।
तेल बहने की खबर आग की तरह फैल गई और ग्रामीण मौके पर पहुंचकर जितना संभव हो सका, तेल अपने बर्तनों में भरने लगे। इस दौरान हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति भी बनी रही। हालांकि राहत की बात यह रही कि कंटेनर में किसी प्रकार का विस्फोट या बड़ा हादसा नहीं हुआ और कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
फिलहाल चालक कंटेनर में हुए रिसाव को ठीक कराने में जुटा है। वहीं, हाईवे पर तेल बहने और उसे जमा करने के लिए जुटी भीड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है। इलाके में लोग इस अनोखे घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।
रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान