मुंगेर पुलिस केंद्र में 196 प्रशिक्षु सिपाहियों की दीक्षांत परेड, डीआईजी ने दिलाई कर्तव्यनिष्ठा की शपथ
मुंगेर पुलिस केंद्र में Passing Out Parade का डीआईजी राकेश कुमार ने परेड का निरीक्षण किया और जवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Bihar Police Passing Out Parade : मुंगेर पुलिस केंद्र में सोमवार को 196 प्रशिक्षु सिपाहियों की दीक्षांत परेड का भव्य आयोजन किया गया। बुनियादी प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित इस समारोह में मुंगेर प्रक्षेत्र के डीआईजी राकेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान प्रशिक्षु जवानों ने अनुशासन, समर्पण और प्रशिक्षण कौशल का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अधिकारियों और अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।
पुलिस केंद्र मैदान में आयोजित दीक्षांत परेड के दौरान प्रशिक्षु सिपाहियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। डीआईजी राकेश कुमार ने परेड का निरीक्षण किया और जवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए डीआईजी ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने नवप्रशिक्षित जवानों को संविधान के प्रति निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता की शपथ दिलाई। साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को आम लोगों के साथ संवेदनशील व्यवहार करना चाहिए और कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ मानवाधिकारों के संरक्षण के प्रति भी सजग रहना चाहिए।
उन्होंने प्रशिक्षु सिपाहियों से अपने प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए मूल्यों को सेवा जीवन में अपनाने का आह्वान किया। डीआईजी ने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है और इसे बनाए रखना हर पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है। समारोह में पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, प्रशिक्षण केंद्र के वरिष्ठ अधिकारी तथा कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु सिपाहियों को सम्मानित भी किया गया।
दीक्षांत परेड के दौरान पूरा पुलिस केंद्र देशभक्ति, अनुशासन और उत्साह के माहौल से सराबोर रहा। परेड के सफल आयोजन के साथ ही 196 प्रशिक्षु सिपाही अब बिहार पुलिस बल में अपनी नई जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए तैयार हो गए हैं।
इम्तियाज की रिपोर्ट