Bihar News : मुंगेर में महिला की हुई संदिग्ध मौत, ससुराल वालों पर लगा हत्या कर शव गंगा में बहाने का आरोप, परिजनों ने जमकर किया हंगामा

Bihar News : मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : मुंगेर में महिला की हुई संदिग्ध मौत, ससुराल वाल
महिला की संदिग्ध मौत - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : मुंगेर के बरियारपुर थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है। रघुनाथपुर गांव की रहने वाली चांदनी देवी की मौत को लेकर मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। हालाँकि शुरुआती जानकारी के अनुसार महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी थी। आरोप है कि इसके बाद पति और उसके परिजनों ने शव को कहीं छिपा दिया या गंगा में बहाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। पुलिस अब रेलवे ट्रैक से लेकर गंगा और दियारा क्षेत्र तक शव की तलाश में जुटी है।

बता दें की बरियारपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव की रहने वाली चांदनी देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बीती रात पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद चांदनी ने गांव के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। आरोप है कि घटना के बाद पति निक्की कुमार मंडल और उसके परिवार के लोगों ने शव को घटनास्थल से हटाकर कहीं छिपा दिया या गंगा नदी में बहा दिया, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें।

घटना की जानकारी मिलते ही चांदनी के मायके वाले रघुनाथपुर पहुंचे और बरियारपुर थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने रेलवे ट्रैक, आसपास के इलाके, दियारा क्षेत्र और गंगा नदी में शव की तलाश शुरू कर दी है, । रेलवे ट्रैक के पास मृतका का चप्पल सहित खून के निशान भी मिले है । जिसका पुलिस के द्वारा साक्ष्य जुटाया जा रहा है । मृतका के मायके पक्ष का कहना है कि चांदनी की शादी करीब 14 वर्ष पहले निक्की कुमार मंडल से हुई थी।

उनका आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है और हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाया गया है। घटना के बाद पति समेत उसके परिवार के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि ट्रेन से कटकर मौत, हत्या और शव को ठिकाने लगाने के आरोप फिलहाल मायके पक्ष और प्रारंभिक जानकारी पर आधारित हैं। शव की बरामदगी, पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगा।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट