Bihar News : मुंगेर में ब्रेड फैक्ट्री का ओवन फटने से लगी भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर हुई राख; इलाके में मची अफरा तफरी

Bihar News : मुंगेर में ब्रेड फैक्ट्री का ओवन फटने से भीषण आग लग गयी. जिससे लाखों की सम्पत्ति का नुकसान पहुंचा है. इस घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी का म्महौल हो गया......पढ़िए आगे

Bihar News : मुंगेर में ब्रेड फैक्ट्री का ओवन फटने से लगी भी
ब्रेड फैक्ट्री में लगी आग - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : जिले के व्यस्ततम इलाके गांधी चौक के पास स्थित एक ब्रेड फैक्ट्री (बेकरी) में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब बेकरी के अंदर कामकाज चल रहा था और अचानक ओवन जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग सहम गए और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी बेकरी को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग ने कुछ ही मिनटों में भयावह रूप धारण कर लिया और ओवन के पास रखे कच्चे माल, तैयार ब्रेड और अन्य कीमती सामानों को जलाकर खाक कर दिया। आग की ऊंची लपटों को देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। संकरी गली और धुएं के गुबार के बीच अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इसे आसपास की इमारतों में फैलने से रोका।

बेकरी के प्रबंधक गोपाल कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आग लगने का मुख्य कारण ओवन का फटना है। उन्होंने कहा कि जिस समय हादसा हुआ, उस समय बेकरी के अंदर काफी सामान रखा हुआ था, जो इस अगलगी की भेंट चढ़ गया। प्रबंधक के अनुसार, इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। हालांकि, नुकसान का अभी शुरुआती अनुमान ही लगाया जा रहा है, मलबे की जांच के बाद ही सटीक आंकड़ा स्पष्ट हो पाएगा।

घटना के बाद गांधी चौक इलाके में काफी देर तक यातायात बाधित रहा और लोग सहमे नजर आए। बेकरी में सुरक्षा मानकों और अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता को लेकर भी स्थानीय स्तर पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। गनीमत यह रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, अन्यथा घनी आबादी वाला क्षेत्र होने के कारण बड़ी जान-माल की क्षति हो सकती थी।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह तकनीकी खराबी या अत्यधिक दबाव के कारण ओवन फटने का मामला लग रहा है। विभाग ने बेकरी संचालकों को ओवन और अन्य मशीनों की नियमित जांच कराने की सलाह दी है। फिलहाल फैक्ट्री को खाली करा लिया गया है और प्रबंधक आग से हुए भारी नुकसान की भरपाई और फैक्ट्री को दोबारा शुरू करने की चिंता में डूबे हैं। 

इम्तियाज़ की रिपोर्ट