Bihar News : मुंगेर में हाईवे पर 'लव ट्रेनिंग' पड़ी भारी, प्रेमिका को बाइक सिखा रहा था प्रेमी, अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ट्रक में मारी टक्कर
MUNGER : प्यार में साथ जीने-मरने की कसमें तो आपने बहुत सुनी होंगी । लेकिन मुंगेर में एक “लव बर्ड” की कहानी उस वक्त हादसे में बदल गई, जब प्रेमी अपनी प्रेमिका को बाइक चलाना सिखा रहा था। सीखने का यह सिलसिला दोनों पर भारी पड़ गया और बाइक अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दरअसल, यह पूरा मामला मुंगेर के चंडिका स्थान के पास हाइवे का है, जहां युवक अंकेश अपनी प्रेमिका को बाइक चलाना सिखा रहा था। प्यार में भरोसा इतना कि प्रेमिका को आगे बैठाकर खुद पीछे बैठा और हैंडल पकड़कर बाइक कंट्रोल कर रहा था। लेकिन कुछ ही पलों में यह “लव ट्रेनिंग” हादसे में बदल गई। युवक ने जैसे ही कुछ सेकंड के लिए हैंडल से हाथ हटाया, प्रेमिका संतुलन नहीं बना पाई और अचानक एक्सीलेटर घूम गया।
तेज रफ्तार में आई बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने इंसानियत दिखाते हुए दोनों को तुरंत मुंगेर मॉडल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों द्वारा इलाज जारी है। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि फिलहाल स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही दोनों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। युवक अंकेश ने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड को बाइक चलाना सिखा रहा था। इसी दौरान प्रेमिका के आंख में पानी आने लगा, जिसे पोछने के लिए उसने हैंडल छोड़ा। तभी एक्सीलेटर दब गया और बाइक 50 से 70 की रफ्तार पकड़ते हुए ट्रक से टकरा गई। वहीं युवती की मां ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे उसकी बेटी बिना बताए घर से निकली थी। बाद में हादसे की सूचना मिली। फिलहाल, प्यार के इस “लव बर्ड” सफर ने एक बड़ा सबक दे दिया है । सड़क पर रोमांस नहीं, सावधानी ही सबसे जरूरी है, वरना एक छोटी सी चूक बड़ा हादसा बन सकती है।
इम्तियाज़ की रिपोर्ट