शादी में गया था परिवार घर खंगाल गए चोर, 60 लाख के जेवरात और कीमती सामान पार
Motihari : पूर्वी चंपारण जिले के पताही थाना क्षेत्र अंतर्गत परसौनी कपूर गांव में चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक सेवानिवृत्त शिक्षक के बंद घर को निशाना बनाया है। अज्ञात चोरों ने सोमवार की रात घर का ताला तोड़कर लगभग 60 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों सहित कीमती कपड़ों और जमीन के कागजातों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय रिटायर शिक्षक बच्चा सिंह अपने पूरे परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने सुगौली स्थित अपनी ससुराल गए हुए थे।
मिली जानकारी के अनुसार, बच्चा सिंह 25 अप्रैल को सुगौली थाना के भटहा गांव में अपने साले के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए घर में ताला लगाकर निकले थे। मंगलवार की सुबह जब पड़ोसियों ने घर का मुख्य गेट खुला देखा और अंदर सामान बिखरा पाया, तब उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों की सूचना पर जब बच्चा सिंह आनन-फानन में परिवार के साथ घर पहुँचे, तो मंजर देख दंग रह गए। चोरों ने घर के मेन गेट से लेकर कमरों और अलमारियों तक के ताले तोड़ डाले थे।
पीड़ित शिक्षक ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि चोरों ने घर की महिलाओं—उनकी पत्नी, पतोहू, स्वर्गीय भाभी और दोनों भतीजियों के गहने चुरा लिए हैं। चोरी हुए आभूषणों में लगभग 32 भर (तोल) सोना और करीब 1 किलो चांदी के जेवरात शामिल हैं। इसके अलावा, चोरों ने घर में रखे जमीन के महत्वपूर्ण कागजात और कई महंगे कपड़े भी बटोर लिए। घटना के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, क्योंकि जीवन भर की कमाई एक ही रात में लुट गई।
वारदात की सूचना मिलते ही पकड़ीदयाल डीएसपी कुमार चंदन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। डीएसपी ने थानाध्यक्ष बबन कुमार को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अपराधियों की धरपकड़ के लिए घेराबंदी करने को कहा है। पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्धों की गतिविधियों को खंगाल रही है।
डीएसपी कुमार चंदन ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही इस कांड का खुलासा कर लिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि चोरी के सामान की बरामदगी और चोरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम छापेमारी कर रही है। ग्रामीण इलाकों में हुई इस बड़ी चोरी के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है, लोग पुलिस से गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा पुख्ता करने की मांग कर रहे हैं।
हिमांशु की रिपोर्ट