Bihar Teacher News : डिजिटल ट्रैप में फंसे HM ! पटना-समस्तीपुर में बैठकर मोतिहारी के स्कूल में बनाई हाजिरी, वेतन पर लगी रोक, DEO ने जारी किया शो कॉज नोटिस

Bihar Teacher News : बिहार में कई दिनों से हेडमास्टर साहब स्कूल से 120 किलोमीटर दूर रहकर अपनी हाजिरी बना रहे थे। लेकिन आखिरकार उनकी चोरी पकड़ी गयी.....पढ़िए आगे

Bihar Teacher News : डिजिटल ट्रैप में फंसे HM ! पटना-समस्तीप
हेडमास्टर की पकड़ी गयी चोरी - फोटो : HIMANSHU

Motihari : बिहार के मोतिहारी में एक सरकारी स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक का चौंकाने वाला कारनामा उजागर हुआ है, जिसने शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा दिया है। एम० जे० के० कन्या +2 उच्च विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य लाल बाबू साह खुद तो पटना, बख्तियारपुर और समस्तीपुर में बैठे थे, लेकिन उनकी डिजिटल हाजिरी सैकड़ों किलोमीटर दूर मोतिहारी के स्कूल में बन रही थी। बिहार सरकार के डिजिटल अटेंडेंस सिस्टम 'ई-शिक्षाकोश' ने इस हेरफेर को पकड़कर शिक्षक के खेल को पूरी तरह बेनकाब कर दिया है।

120 किलोमीटर दूर पटना और समस्तीपुर से दर्ज हो रही थी उपस्थिति

'ई-शिक्षाकोश' पोर्टल की तकनीकी डेटा समीक्षा में यह बात सामने आई कि प्रभारी प्राचार्य मोतिहारी से लगभग 120 किलोमीटर दूर पटना के राजेंद्र नगर और निफ्ट परिसर में मौजूद थे, फिर भी सिस्टम में उनकी उपस्थिति दर्ज हो रही थी। इसके अलावा, मोतिहारी से करीब 118 किलोमीटर दूर महमदपुर (समस्तीपुर-दरभंगा रोड) और फतुआ-बख्तियारपुर रोड के बौरिया से भी उनकी ऑनलाइन हाजिरी बनाई गई। साल 2025 से लेकर अप्रैल 2026 के बीच ऐसी दर्जनों तारीखें, जैसे 20.02.2026, 26.02.2026 और 19.03.2026 मिली हैं, जब वे स्कूल से गायब रहकर मीलों दूर से अटेंडेंस बना रहे थे।

डीईओ ने माना गंभीर अपराध, छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़

इस मामले को जिला शिक्षा पदाधिकारी, पूर्वी चम्पारण ने अत्यंत गंभीर माना है। डीईओ द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि प्रभारी प्राचार्य का यह कृत्य शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के प्रावधानों के पूरी तरह विपरीत है। यह न सिर्फ कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही, मनमानी और स्वेच्छाचारिता को दर्शाता है, बल्कि विभागीय निर्देशों की खुली अवहेलना और छात्रों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ भी है।

तत्काल प्रभाव से वेतन स्थगित, मिला 24 घंटे का अल्टीमेटम

इस बड़ी धोखाधड़ी और वित्तीय अनियमितता के सामने आने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए आदेश जारी कर दिया है। आरोपी प्रभारी प्राचार्य लाल बाबू साह का वेतन तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक के लिए रोक दिया गया है। इसके साथ ही, उन्हें 24 घंटे के भीतर साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण कार्यालय में हाथों-हाथ जमा करने का कड़ा निर्देश दिया गया है।

संतोषजनक जवाब न मिलने पर होगी कठोर विभागीय कार्रवाई

विभाग ने चेतावनी दी है की यदि प्रभारी प्राचार्य तय समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब और पुख्ता सबूत पेश करने में असमर्थ रहते हैं, तो उनके खिलाफ तत्काल कठोर विभागीय और अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी। इस घटना ने यह साफ संदेश दे दिया है कि शिक्षा विभाग में 'ई-शिक्षाकोश' के लागू होने के बाद अब कागजी या डिजिटल माध्यमों से किसी भी तरह की हेरफेर करना मुमकिन नहीं रह गया है और 'तीसरी आंख' की नजर हर गड़बड़ी पर है।  

हिमांशु की रिपोर्ट