Bihar News : मोतीहारी में अवैध आर्केस्ट्रा संचालकों पर पुलिस ने की 'सर्जिकल स्ट्राइक', तीन नाबालिग लड़कियों को कराया मुक्त

Bihar News : मोतीहारी में अवैध आर्केस्ट्रा संचालकों पर पुलिस

Motihari : पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक (SP) स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जिले में अवैध आर्केस्ट्रा संचालकों और नाबालिग लड़कियों के शोषण के खिलाफ एक व्यापक 'सर्जिकल स्ट्राइक' अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में हरसिद्धि थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया है और उनके चंगुल से तीन नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित मुक्त कराया है। पुलिस की इस निरंतर कार्रवाई से जिले के अवैध आर्केस्ट्रा संचालकों के सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है।

ताजा मामला हरसिद्धि थाना क्षेत्र का है, जहाँ एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि नाबालिग लड़कियों से जबरन नृत्य कराया जा रहा है। एसपी के निर्देश पर प्रशिक्षु डीएसपी रिषभ कुमार के नेतृत्व में चाइल्ड लाइन मोतीहारी और स्थानीय पुलिस की एक संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने धनखरैया और नहर के समीप संचालित 'किरण म्यूजिकल आर्केस्ट्रा' पर अचानक छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से तीन नाबालिग लड़कियों को बरामद किया, जिन्हें प्रलोभन देकर या दबाव बनाकर इस दलदल में धकेला गया था।

पुलिस ने इस छापेमारी के दौरान तीन मुख्य संचालकों को भी दबोचा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधांशु कुमार, मुकेश कुमार और नीलकमल कुमार के रूप में हुई है। पकड़े गए संचालकों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और बाल श्रम निषेध कानूनों के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी कीमत पर नाबालिगों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

गौरतलब है कि मोतीहारी पुलिस पिछले एक सप्ताह से इस मुद्दे पर बेहद आक्रामक रुख अपनाए हुए है। इससे पूर्व कोटवा, डुमरिया घाट और संग्रामपुर थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह की बड़ी छापेमारी की गई थी। उन कार्रवाइयों में पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया था और 6 अन्य संचालकों को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेजा था। पुलिस की इस सक्रियता से अब आर्केस्ट्रा की आड़ में अनैतिक कार्यों में संलिप्त लोगों में डर का माहौल है।

प्रशिक्षु डीएसपी रिषभ कुमार ने बताया कि मुक्त कराई गई लड़कियों को काउंसलिंग के बाद उनके परिजनों को सौंपने या सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन लड़कियों को कहाँ से लाया गया था और इस रैकेट के पीछे और कौन-कौन से सफेदपोश चेहरे शामिल हैं। एसपी ने जिलेवासियों से अपील की है कि कहीं भी नाबालिगों से मजदूरी या इस तरह के कार्य कराए जाने की सूचना मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। 

हिमांशु की रिपोर्ट