Motihari School Viral Video: क्लासरूम में छात्राओं के सामने LED पर अश्लील गाना,शिक्षक दिवस पर मर्यादा तार-तार,जांच के आदेश

मोतिहारी के तेतरिया प्रखंड स्थित स्कूल में शिक्षक दिवस पर मर्यादा तार-तार! छात्राओं के सामने क्लासरूम में बड़े LED स्क्रीन पर बजाया गया अश्लील भोजपुरी गाना। वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा लोगों का गुस्सा, BEO ने HM से मांगा स्पष्टीकरण।

Motihari School Obscene Song Viral Video
क्लासरूम में छात्राओं के सामने LED पर अश्लील गाना- फोटो : Reporter

बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले से शिक्षा के मंदिर को तार-तार करने वाली एक खबर सामने आई है। तेतरिया प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें शिक्षक दिवस के मौके पर एक वर्ग कक्ष में छात्राओं की मौजूदगी में बड़े एलईडी स्क्रीन पर तेज आवाज में अश्लील भोजपुरी गाना चलाया जा रहा है। बच्चों के बौद्धिक और मानसिक विकास के लिए बने परिसर में इस तरह का वीडियो प्रसारित होने से क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।


सजाए गए क्लासरूम में छात्राओं के सामने बजता रहा गाना

सामने आए वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि शिक्षक दिवस का कार्यक्रम आयोजित करने के लिए स्कूल के एक कमरे को गुब्बारों और सजावटी सामानों से सजाया गया है। इसी कमरे में स्कूल की छात्राएं और शिक्षक मौजूद हैं, जिनके ठीक सामने दीवार पर लगी बड़ी एलईडी स्क्रीन पर अश्लील भोजपुरी गाना बज रहा है। गुरु-शिष्य की मर्यादा को शर्मसार करने वाले इस वीडियो को देखकर सोशल मीडिया पर समाज के प्रबुद्ध और बुद्धिजीवी वर्ग में गहरा आक्रोश व्याप्त है।


स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश, कार्रवाई की मांग

स्कूल परिसर में इस प्रकार के फूहड़ और अश्लील गानों का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोग और अभिभावक सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि शिक्षक दिवस जैसे पवित्र अवसर पर ऐसा कृत्य समाज और बच्चों की मानसिकता को गंदा करने वाला है। सोशल मीडिया पर लोग इस घटना के लिए जिम्मेदार विद्यालय के प्रधानाध्यापक (HM) और दोषी शिक्षकों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) ने मांगा स्पष्टीकरण, कार्रवाई की तैयारी

मामला तूल पकड़ते ही शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। तेतरिया प्रखंड के बीईओ (BEO) राकेश कुमार ने इस घटना को अत्यंत गंभीर मामला मानते हुए कहा कि छात्राओं के सामने अश्लील वीडियो चलाया जाना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। बीईओ ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक से तुरंत स्पष्टीकरण (Show Cause) तलब किया है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि रिपोर्ट तैयार कर दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को प्रतिवेदन भेजा जा रहा है।

मोतिहारी से हिमांशु की रिपोर्ट