मोतिहारी पुलिस का मेगा एक्शन : 13 बड़े अपराधियों पर इनाम घोषित, फरार आरोपियों के घरों पर कुर्की का इश्तेहार चस्पा

अपराधियों की कमर तोड़ने के लिए मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने एक चौतरफा प्लान तैयार किया है। इस प्लान के तहत 13 बड़े अपराधियों पर इनाम घोषित किया है। वहीं फरार अपराधियों के घर पर कुर्की का इस्ताहार चस्पा किया है...

मोतिहारी पुलिस का मेगा एक्शन : 13 बड़े अपराधियों पर इनाम घोष
मोतिहारी पुलिस का मेगा एक्शन- फोटो : हिमांशु

Motihari : पूर्वी चंपारण जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और वारदातों को अंजाम देकर बिलों में छिपे अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने के लिए मोतिहारी पुलिस ने एक बड़ा मेगा प्लान तैयार किया है। पुलिस कप्तान (SP) स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जिला पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए जिले के 13 कुख्यात और फरार अपराधियों पर इनाम की घोषणा की है। इसके साथ ही, पुलिस ने अपराधियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने के लिए महज दो दिनों के भीतर दो दर्जन से अधिक फरार आरोपियों के घरों पर गाजे-बाजे (बैंड-बाजा) के साथ पहुंचकर कुर्की का इश्तेहार चस्पा किया है और आत्मसमर्पण न करने पर बुलडोजर कार्रवाई की चेतावनी दी है।


13 वांछितों पर 38 हजार रुपये के इनाम की घोषणा

पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय रहे इन 13 फरार और वांछित अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए कुल 38 हजार रुपये के सामूहिक इनाम का ऐलान किया है। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी इस सूची में हत्या, लूट, एनडीपीएस (NDPS) एक्ट, डकैती, चोरी और उत्पाद अधिनियम (शराबबंदी कानून) जैसे गंभीर मामलों के आरोपी शामिल हैं। एसपी ने जिले के सभी संबंधित थाना प्रभारियों को इन इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष कॉम्बिंग ऑपरेशन और सघन छापेमारी अभियान चलाने का कड़ा निर्देश जारी किया है।


हत्या के आरोपी सुजय पांडेय पर सबसे बड़ा इनाम

पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, हत्या के संगीन मामले में वांछित पकड़ीदयाल के बंजरिया निवासी सुजय पांडेय पर सबसे अधिक 5,000 रुपये का इनाम रखा गया है। वहीं, रघुनाथपुर के देवेंद्र सहनी, संजीत कुमार और आकाश साह पर 2-2 हजार रुपये का इनाम घोषित है। इसके अलावा, सुधीर सहनी, सरोज कुमार, अवधेश भगत, परवेज खान, मनोज पासवान, संजय साह, राहुल कुमार (मुजफ्फरपुर), पंकज कुमार (मुजफ्फरपुर), सोनू सहनी और विकास सहनी सहित अन्य सभी आरोपियों की गिरफ्तारी पर 3-3 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।


सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह रहेगी गुप्त

इस महाअभियान के तहत पुलिस ने आम जनता को आश्वस्त किया है कि अपराधियों के सफाए में उनका सहयोग सबसे महत्वपूर्ण है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें इस सूची में शामिल किसी भी इनामी या संदिग्ध अपराधी के छिपे होने की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत स्थानीय पुलिस या जिला पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। पुलिस ने साफ किया है कि सूचना देने वाले किसी भी व्यक्ति का नाम, पता और पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और अपराधियों को पकड़वाने वाले मददगारों को तयशुदा इनाम राशि ससम्मान प्रदान की जाएगी।


कुर्की-जब्ती और बुलडोजर एक्शन की तैयारी में पुलिस

मोतिहारी पुलिस की इस चौतरफा और आक्रामक कार्रवाई से जिले के जिला-बदर और फरार अपराधियों में हड़कंप मच गया है। बैंड-बाजे के साथ गांव-गांव पहुंचकर ढोल बजाकर इश्तेहार चस्पा करने की इस कार्रवाई ने अपराधियों के परिजनों और मददगारों को भी बैकफुट पर ला दिया है। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि यदि तय समय सीमा के भीतर ये नामजद आरोपी न्यायालय या पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो इनके घरों की कुर्की-जब्ती की जाएगी और अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें पूरी तरह ध्वस्त कर दिया जाएगा।


हिमांशु की रिपोर्ट