मोतिहारी में बड़ी कार्रवाई: ट्रांसपोर्ट की आड़ में चल रहे स्प्रिट तस्करी के बड़े खेल का पर्दाफाश! कर्मी गिरफ्तार ट्रांसपोर्टर पर FIR

मोतिहारी पुलिस ने ट्रांसपोर्ट की आड़ में चल रहे स्प्रिट तस्करी के रैकेट का पर्दाफाश किया है। नगर थाना पुलिस ने अवधेश चौक स्थित ए.टी.सी. ट्रांसपोर्ट में छापेमारी कर 280 लीटर स्प्रिट बरामद की और एक कर्मी को गिरफ्तार किया है।ट्रांसपोर्टर पर FIR दर्ज ।

motihari police busted spirit smuggling racket
ATC ट्रांसपोर्ट में पुलिस का छापा, शराब तस्करों को सप्लाई होने वाली स्प्रिट जब्त,ट्रांसपोर्टर पर FIR- फोटो : Reporter

मोतिहारी पुलिस ने शहर में ट्रांसपोर्ट व्यवसाय की आड़ में चल रहे स्प्रिट तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में स्प्रिट जब्त की है। पुलिस की इस अचानक हुई छापेमारी से जिले के शराब तस्करों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।


अवधेश चौक स्थित ATC ट्रांसपोर्ट में छापा, 280 लीटर स्प्रिट बरामद

मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट के जरिए स्प्रिट की बड़ी खेप मंगवाकर उसे स्थानीय शराब तस्करों को सप्लाई किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद नगर थाना पुलिस ने अवधेश चौक स्थित ए.टी.सी. (ATC) ट्रांसपोर्ट के परिसर में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 40-40 लीटर के गैलनों में छिपाकर रखा गया कुल 280 लीटर अवैध स्प्रिट बरामद किया।


मौके से ट्रांसपोर्ट कर्मी गिरफ्तार, फरार माफिया कल्याणपुर का तस्कर चिन्हित

पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से एक ट्रांसपोर्ट कर्मी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तुरकौलिया थाना क्षेत्र के चरगाह निवासी अजय कुमार के रूप में हुई है। इसके साथ ही पुलिस ने मौके से आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसकी मदद से इस धंधे से जुड़े अन्य स्प्रिट माफियाओं की कुंडली खंगाली जा रही है। जांच के दौरान इस रैकेट से जुड़े कल्याणपुर के एक मुख्य स्प्रिट तस्कर की पहचान भी कर ली गई है।


ट्रांसपोर्टर पर FIR दर्ज, पुलिस खंगाल रही है पूरा नेटवर्क

इस मामले में पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए संबंधित ट्रांसपोर्टर के खिलाफ भी नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि ट्रांसपोर्ट की आड़ में अवैध धंधा करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार कर्मी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि स्प्रिट के इस पूरे सिंडिकेट और सप्लाई चेन को ध्वस्त किया जा सके।

मोतिहारी से हिमांशु की रिपोर्ट