Bihar Crime : मोतीहारी पुलिस की बड़ी 'सर्जिकल स्ट्राइक', पाकिस्तान से संचालित डिजिटल अरेस्ट गिरोह का किया भंडाफोड़, 4 अपराधियों को किया गिरफ्तार

Bihar Crime : मोतिहारी पुलिस ने पाकिस्तान से संचालित डिजिटल अरेस्ट गिरोह का किया भंडाफोड़ किया है. इस मामले में पुलिस ने 4 अपराधियों को गिरफ्तार किया है......पढ़िए आगे

Bihar Crime : मोतीहारी पुलिस की बड़ी 'सर्जिकल स्ट्राइक', पाक
डिजिटल अरेस्ट गिरोह का भंडाफोड़- फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : बिहार की मोतीहारी पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 'सर्जिकल स्ट्राइक' की तर्ज पर कार्रवाई करते हुए चार शातिर साइबर अपराधियों को धर दबोचा है, जो पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं के इशारे पर भारतीय नागरिकों को ठगने का काम कर रहे थे। गिरफ्तार अपराधी आम लोगों को 'डिजिटल अरेस्ट' के जाल में फंसाकर उनसे मोटी रकम वसूलते थे और उस पैसे को सीमा पार पाकिस्तान भेज रहे थे।

एटीएम के पास से शुरू हुई कार्रवाई

यह बड़ी कार्रवाई मोतीहारी एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर गठित एक विशेष टीम द्वारा की गई। साइबर डीएसपी अभिनव परासर और चकिया डीएसपी संतोष कुमार के नेतृत्व में कल्याणपुर थाना अध्यक्ष विनीत कुमार ने कल्याणपुर थाना क्षेत्र के एक एटीएम के पास से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ में जो खुलासे हुए, उसने पुलिस अधिकारियों के भी होश उड़ा दिए। पकड़े गए अपराधियों की पहचान अंकित कुमार (खटोलवा), युवराज कुमार (फुलतकिया केसरिया), मोहम्मद साहिल (मानिकपुर गड़हिया) और चुन्नू कुमार (मझौलिया) के रूप में हुई है।

पाकिस्तान से जुड़ा ठगी का नेटवर्क

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पाकिस्तानी साइबर अपराधी गिरोह के सक्रिय सदस्य के तौर पर काम कर रहे थे। ये अपराधी सोशल मीडिया पर भ्रामक विज्ञापनों और फर्जी कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर लोगों को 'डिजिटल अरेस्ट' करते थे। ठगी से प्राप्त राशि को ये लोग सीडीएम (Cash Deposit Machine) के माध्यम से पाकिस्तान भेजते थे। इस खतरनाक खेल के बदले पाकिस्तानी आका इन भारतीय गुर्गों को कुल ठगी की रकम का 10 प्रतिशत कमीशन देते थे।

भारी मात्रा में सामान और वाहन बरामद

पुलिस ने अपराधियों के पास से अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाला भारी जखीरा बरामद किया है। तलाशी के दौरान इनके पास से 07 विभिन्न बैंकों के पासबुक, 10 एटीएम कार्ड, एक ब्लेंक चेक, 5 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप जब्त किया गया है। इसके अलावा, अपराध की कमाई से खरीदी गई या अपराध में प्रयुक्त होने वाली दो R15 बाइक और एक पल्सर बाइक भी पुलिस ने अपने कब्जे में ली है।

सफल टीम और भविष्य की रणनीति

इस महत्वपूर्ण छापेमारी टीम में कल्याणपुर थाना अध्यक्ष विनीत कुमार के साथ पुअनि मुकेश कुमार, साइबर थाना के प्रत्यूष विक्की, शिवम कुमार, प्रियंका कुमारी और सौरव आजाद शामिल थे। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संपर्कों और ट्रांजैक्शन डिटेल्स को खंगाल रही है ताकि इस नेटवर्क की जड़ों को पूरी तरह काटा जा सके। एसपी ने इस सफलता को जिले में साइबर अपराध के विरुद्ध एक बड़ी उपलब्धि बताया है। 

हिमांशु की रिपोर्ट