Bihar News : मोतीहारी शिक्षा विभाग में 60 लाख के वेतन घोटाले का हुआ खुलासा, 2.10 करोड़ से अधिक की राशि लौटाई गई
Bihar News :मोतीहारी के शिक्षा विभाग में मृत और ट्रांसफर हो चुके शिक्षकों के नाम पर हुए 60 लाख रुपये के वेतन घोटाले की परतें खुलने के बाद हड़कंप मच गया है.....पढ़िए आगे
MOTIHARI : मोतीहारी के शिक्षा विभाग में मृत और ट्रांसफर हो चुके शिक्षकों के नाम पर हुए 60 लाख रुपये के वेतन घोटाले की परतें खुलने के बाद हड़कंप मच गया है। इस मामले में विभाग द्वारा एक मदरसा शिक्षक और डाटा ऑपरेटर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जांच आगे बढ़ने पर नियोजित से विशिष्ट बने शिक्षकों के खातों में अधिक वेतन और एरियर भेजने का भी खुलासा हुआ है। इस खुलासे के बाद जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग में खलबली मच गई है।
शिक्षा विभाग के सख्त निर्देशों के बाद जिले के 583 शिक्षकों ने अब तक अधिक वेतन और एरियर मद में उठाए गए 2 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की राशि वापस लौटा दी है। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि किस पदाधिकारी और कर्मी की लापरवाही या मिलीभगत से सरकारी खजाने को लूटने का यह बड़ा खेल चलता रहा। सूत्रों का मानना है कि यदि इस मामले की सूक्ष्म तरीके से जांच की जाए, तो गबन की यह राशि और भी अधिक बढ़ सकती है।
इस बड़े घोटाले के उजागर होने के बाद शिक्षा विभाग के मुख्यालय तक हड़कंप मच गया है, जिसके चलते मुख्यालय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्कालीन डीईओ को हटा दिया है। साथ ही, आरडीडी (RDD) को निर्देश दिया गया है कि वे वर्षवार 'मेकर', 'चेकर' और 'एप्रूवर' के नाम व पदनाम सहित पूरी सूची मुख्यालय को उपलब्ध कराएं। विभाग ने इसके लिए आरडीडी को 15 नवंबर तक अपनी रिपोर्ट भेजने का कड़ा निर्देश जारी किया है।
सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2024 से लेकर अब तक कार्यरत चार स्थापना डीपीओ (DPO) सहित कई बीईओ (BEO) और डीडीओ (DDO) पर भी विभागीय कार्रवाई की तलवार लटकने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस हाई-प्रोफाइल मामले में डीपीओ द्वारा नगर थाने में मदरसा शिक्षक और डाटा ऑपरेटर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस प्रशासन भी इस मामले में पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है।
मोतीहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने दोनों आरोपियों पर इनाम की घोषणा करते हुए कार्रवाई को और तेज करने का निर्देश दिया है। एसपी के निर्देशों के आधार पर साइबर डीएसपी और एसआईटी (SIT) वैज्ञानिक पद्धति से इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस अनुसंधान जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे इस बड़े गबन के खेल की नई परतें खुलती जा रही हैं और कई अधिकारी इस जांच के दायरे में आते दिख रहे हैं।
हिमांशु की रिपोर्ट