Bihar News: कॉन्ट्रैक्ट किलर लालटेनवा का खेल खत्म, कोर्ट का बड़ा फैसला-10 साल की सख्त सजा, गैंग में मची खलबली

Bihar News: कुख्यात कॉन्ट्रैक्ट किलर राजतिलक उर्फ सुमित सिंह उर्फ लालटेनवा को अदालत ने 10 साल की सश्रम सजा सुनाई है।...

Motihari Contract killer Laltenwa jailed 10 years gang in pa
कॉन्ट्रैक्ट किलर लालटेनवा का खेल खत्म- फोटो : reporter

Bihar News: मोतिहारी से अपराध की दुनिया को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहां कुख्यात कॉन्ट्रैक्ट किलर राजतिलक उर्फ सुमित सिंह उर्फ लालटेनवा को अदालत ने 10 साल की सश्रम सजा सुनाई है। यह फैसला पुलिस की मजबूत साक्ष्य और पुख्ता चार्जशीट के आधार पर आया, जिसे कानून की बड़ी जीत माना जा रहा है।

बताया जाता है कि आरोपी पर ढाई दर्जन से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से इलाके में दहशत का पर्याय बना हुआ था। वह कुख्यात कुणाल सिंह गैंग का सक्रिय शूटर था और कई बड़ी वारदातों में उसकी भूमिका सामने आ चुकी है। उसके खिलाफ चल रहा यह मामला साल 2019 का है, जब तुरकौलिया के बेलवा निवासी मिंटू सिंह पर शंकर ढाबा के पास ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया था।

इस हमले के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी और पुलिस ने जांच शुरू की। करीब सात साल तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद आखिरकार अदालत ने राजतिलक को दोषी करार देते हुए 10 साल की सजा सुना दी।

जिले के एसपी स्वर्ण प्रभात ने इस फैसले को बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ “स्पीडी ट्रायल” के जरिए जल्द सजा दिलाने का अभियान जारी रहेगा। उन्होंने साफ कहा कि जिले में अपराध के लिए कोई जगह नहीं है और जो भी कानून तोड़ेगा, उसे इसी तरह सख्त सजा का सामना करना पड़ेगा। इस फैसले के बाद इलाके में राहत की सांस ली जा रही है, जबकि अपराधियों के बीच खौफ का माहौल बन गया है। लंबे समय से दहशत फैलाने वाला ‘लालटेनवा’ अब सलाखों के पीछे अपनी सजा काटेगा, और यह संदेश साफ है कानून के हाथ भले देर से पहुंचें, लेकिन पकड़ मजबूत होती है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार