Bihar News : बिहार के काशी 'सोमेश्वरनाथ' में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
Bihar News : सावन की दूसरी सोमवारी पर बिहार के काशी के रूप में प्रसिद्ध अरेराज स्थित मनोकामना पूरक बाबा सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा.....पढ़िए आगे
MOTIHARI : सावन की दूसरी सोमवारी तथा द्वादशी उपरांत त्रयोदशी के पावन अवसर पर बिहार के काशी के रूप में प्रसिद्ध अरेराज स्थित मनोकामना पूरक बाबा सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। अहले सुबह हल्की बारिश और दोपहर में कड़ाके की धूप के बावजूद भक्तों की आस्था मौसम पर भारी पड़ी। रविवार देर शाम से ही दूर-दराज से जलभरी कर पहुंचे श्रद्धालुओं का जत्था शिवनगरी पहुंचने लगा था। रात 12 बजते ही जलाभिषेक के लिए भक्तों की किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं, जिसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में प्रथम पूजा संपन्न कर मंदिर के कपाट खोल दिए गए।
पवित्र नदियों से गंगाजल लेकर पहुंचे शिवभक्त "बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है" के गगनभेदी जयघोष के साथ बेलपत्र, पुष्प, भांग और धतूरे से बाबा सोमेश्वरनाथ का जलाभिषेक करते रहे। मंदिर प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के अनुसार, देर शाम तक लगभग डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने महादेव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की मंगलकामना की। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए नियंत्रण कक्ष से सीसीटीवी कैमरों के जरिए कड़ी निगरानी की जा रही थी। चप्पे-चप्पे पर दंडाधिकारी, पुलिस बल और सादे लिबास में गश्ती दल मुस्तैद रहे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थानीय नगर पंचायत द्वारा मेला परिसर में लाइटिंग, शुद्ध पेयजल और बेहतर साफ-सफाई की व्यवस्था की गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने और शांतिपूर्ण जलाभिषेक संपन्न कराने के लिए एसडीओ अंजली शर्मा, डीएसपी रवींद्र कुमार, बीडीओ आदित्य दीक्षित, सीओ विनोद पांडेय और थाना अध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी देर रात से ही दल-बल के साथ मंदिर परिसर में डटे रहे। प्रशासनिक सतर्कता के कारण लाखों की भीड़ के बावजूद जलाभिषेक की प्रक्रिया लगातार सुचारू रूप से चलती रही।
इसी बीच, सोमेश्वरनाथ धाम में जलाभिषेक करने आए एक श्रद्धालु की पार्वती पोखर में स्नान के दौरान डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई। एक स्थानीय पुलिस जवान और श्रद्धालुओं के अथक प्रयास से डूबे हुए युवक को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही सीओ विनोद पांडेय तुरंत मौके पर पहुंचे और युवक को अरेराज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मधुबनी गांव निवासी के रूप में की गई। घटना की खबर मिलते ही एसडीओ और डीएसपी अस्पताल पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया।
इस दुखद हादसे के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर आक्रोश देखा गया। श्रद्धालुओं का आरोप था कि पार्वती पोखर के गेट पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी ड्यूटी से नदारद थे। इसके अलावा मंदिर के निकास द्वार से लेकर पार्वती पोखर के किनारों पर सपेरों और भिक्षुकों के जमावड़े के कारण आम श्रद्धालुओं को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिस पर ध्यान दिए जाने की जरूरत है।
हिमांशु की रिपोर्ट