Bihar Jobs: बिहार में लगेगा रोजगार का महाकुंभ, 10 हजार युवाओं को मिलेगी नौकरी, 30 अगस्त को यहां लगेगा मेगा जॉब कैंप

Bihar Jobs:बिहार में युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा दरवाजा खुलने जा रहा है। ....

Mega Job Camp in Bihar Targets 10000 Youth Jobs on Aug 30

Bihar Jobs:बिहार  में युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा दरवाजा खुलने जा रहा है। आगामी 30 अगस्त को बेतिया के नपटिया प्रखंड मुख्यालय स्थित गणेश प्रसाद हाई स्कूल के प्रांगण में मेगा जॉब कैंप का आयोजन किया जाएगा। कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि इस रोजगार मेले में 100 से अधिक कंपनियों के शामिल होने की संभावना है और करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।विधायक ने कहा कि यह जॉब कैंप केवल स्थानीय स्तर का आयोजन नहीं होगा, बल्कि इसमें बिहार और चंपारण की कंपनियों के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित कंपनियों के भी भाग लेने की उम्मीद है। विभिन्न सेक्टरों से जुड़ी कंपनियां युवाओं की योग्यता और कौशल के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी।

युवाओं के लिए सुनहरा मौका

अभिषेक रंजन ने क्षेत्र के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि रोजगार की तलाश कर रहे अभ्यर्थी अधिक से अधिक संख्या में इस मेगा जॉब कैंप में पहुंचे और अपनी प्रतिभा के अनुरूप अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी आज युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती है और इसी को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है।उनके मुताबिक, चुनाव से पहले उन्होंने चनपटिया विधानसभा की जनता से जो वादे किए थे, उन्हें धरातल पर उतारने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि रोजगार के क्षेत्र में यह उनका एक महत्वपूर्ण प्रयोग है और आने वाले समय में भी युवाओं के लिए ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।

100 से अधिक कंपनियों की भागीदारी की उम्मीद

मेगा जॉब कैंप में अलग-अलग क्षेत्रों की कंपनियां हिस्सा लेंगी। इसमें मैन्युफैक्चरिंग, सर्विस, सेल्स, तकनीकी, निजी औद्योगिक संस्थान समेत कई क्षेत्रों से जुड़ी कंपनियों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। इससे चंपारण ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों के युवाओं को भी एक ही मंच पर रोजगार के कई विकल्प मिल सकते हैं।विधायक ने बताया कि आयोजन की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि रोजगार मेले में पहुंचने वाले युवाओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

तैयारी पूरी, रोजगार पर फोकस

पत्रकार वार्ता के दौरान विधायक अभिषेक रंजन ने कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ एक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि युवाओं को वास्तविक रोजगार के अवसर से जोड़ना है। उन्होंने भरोसा जताया कि यदि युवा बड़ी संख्या में भाग लेते हैं तो यह जॉब कैंप चनपटिया के लिए रोजगार की दिशा में एक नई मिसाल साबित हो सकता है।उन्होंने सभी योग्य युवाओं से अपील की कि वे 30 अगस्त को गणेश प्रसाद हाई स्कूल, चनपटिया पहुंचें और अपनी शैक्षणिक योग्यता एवं कौशल के अनुसार उपलब्ध रोजगार अवसरों के लिए कंपनियों से सीधे संवाद करें।चनपटिया में होने वाला यह मेगा जॉब कैंप अब क्षेत्र के युवाओं की उम्मीदों का केंद्र बन गया है। अगर 100 से अधिक कंपनियों की भागीदारी और 10 हजार रोजगार के लक्ष्य के अनुरूप अवसर उपलब्ध होते हैं, तो यह आयोजन पश्चिम चंपारण के रोजगार परिदृश्य में एक अहम कदम साबित हो सकता है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार