Bihar News : मुजफ्फरपुर अग्निकांड का असर, मोतिहारी में अवैध नर्सिंग होम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, बिना दस्तावेज चल रहा अस्पताल किया गया बंद
Bihar News : पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर अस्पताल के मुख्य गेट के पास संचालित एक निजी अस्पताल को सील कर दिया है......पढ़िए आगे
MOTIHARI : मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में हुए हादसे के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। इस घटना से सबक लेते हुए पूरे बिहार में अवैध और बिना मानकों के चल रहे चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर अस्पताल के मुख्य गेट के पास संचालित एक निजी अस्पताल को सील कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग को लगातार यह गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं कि जिले में कई नर्सिंग होम और क्लीनिक बिना वैध निबंधन और आवश्यक सुरक्षा मानकों के धड़ल्ले से चल रहे हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। नोडल चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार के नेतृत्व में इस टीम ने मोतिहारी के सदर अस्पताल चौक स्थित 'MS हॉस्पिटल' में औचक छापेमारी की।
जांच टीम ने अस्पताल परिसर में पहुंचते ही प्रबंधन से संचालन से जुड़े तमाम आवश्यक कागजात खंगालने शुरू किए। अधिकारियों द्वारा अस्पताल के निबंधन, फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट, सरकारी मान्यता और वहां कार्यरत डॉक्टरों की शैक्षणिक योग्यता से संबंधित मूल दस्तावेज पेश करने को कहा गया। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन तय समय सीमा के भीतर इनमें से कोई भी वैध दस्तावेज टीम के सामने प्रस्तुत नहीं कर सका।
नोडल चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार ने इस दंडात्मक कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि अस्पताल के कथित डॉक्टरों से जब उनकी मेडिकल डिग्री से जुड़े प्रमाण पत्र मांगे गए, तो वे पूरी तरह विफल रहे। प्रथम दृष्टया डॉक्टरों की डिग्री और अस्पताल के वैध संचालन को लेकर गंभीर संदेह पैदा हुआ। नियमों की घोर अनदेखी और कोई भी अधिकारिक कागजात नहीं होने के कारण प्रशासन ने बिना देर किए 'MS हॉस्पिटल' को तत्काल प्रभाव से पूरी तरह सील कर दिया।
स्वास्थ्य विभाग ने इस कार्रवाई के जरिए जिले के अन्य सभी निजी नर्सिंग होम और क्लीनिक संचालकों को कड़ा संदेश दिया है। अधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि आम जनता की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले और बिना वैध दस्तावेजों के चल रहे अस्पतालों के खिलाफ यह विशेष चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
हिमांशु की रिपोर्ट