Chhath Puja 2026 : गोविंदगंज के लोजपा विधायक राजू तिवारी ने छठ घाटों का किया निरीक्षण, बेहतर साफ-सफाई और सुरक्षा के दिए कड़े निर्देश
Chhath Puja 2026 : गोविंदगंज से लोजपा विधायक सह सचेतक राजू तिवारी द्वारा नगर पंचायत के छठ घाटों का निरीक्षण किया गया. जहाँ उन्होंने अधिकारियों को कई निर्देश दिए.......पढ़िए आगे
MOTIHARI : गोविंदगंज से लोजपा विधायक सह सचेतक राजू तिवारी ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नगर पंचायत के विभिन्न छठ घाटों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ईओ को घाटों पर बेहतर लाइटिंग, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
बुधवार को विधायक राजू तिवारी के साथ अरेराज नगर अध्यक्ष रनटु पांडेय, एसडीओ सुजीत कुमार और डीएसपी पंकज कुमार मिश्र ने संयुक्त रूप से प्रखंड परिसर स्थित छठ घाट, पार्वती पोखर छठ घाट और जालपा भवानी समेत कई प्रमुख छठ घाटों का दौरा किया। अधिकारियों ने ईओ और नगर मुख्य पार्षद से छठ तैयारियों की पूरी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने ईओ निखिल कुमार को पार्वती पोखर छठ घाट पर भी प्रखंड परिसर जैसी आधुनिक लाइटिंग लगाने और पोखर के बीच में बेहतर क्वालिटी का फव्वारा स्थापित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, सुरक्षा के मद्देनजर पोखर के अंदर पानी की गहराई को परखते हुए मजबूत बैरिकेडिंग कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बीडीओ आदित्य दीक्षित को प्रखंड कार्यालय के कॉर्नर पर फैली गंदगी की तुरंत सफाई कराने और पर्व से पहले पूरे प्रखंड कार्यालय परिसर का रंग-रोगन कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि छठ व्रतियों को घाटों पर किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें बेहतरीन सुविधाएं मिलें, इसे प्राथमिकता मानकर सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं। इस निरीक्षण के दौरान मुखिया दुलार पांडेय, प्रखंड अध्यक्ष रूपेंद्र कुमार, भाजपा नेता विवेका पांडेय और त्रिभुवन कुमार सहित कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिमांशु की रिपोर्ट