ऑटो स्टैंड के नाम पर अवैध वसूली का विरोध करने पर दबंगई : परिवार के साथ मारपीट व छेड़खानी, वीडियो वायरल

पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना अंतर्गत छपवा और हरसिद्धि क्षेत्र में टेंपो स्टैंड के नाम पर बीच सड़क अवैध 'रंगदारी टैक्स' वसूली का मामला सामने आया है। वही इसका विरोध करने वाले ऑटो चालक और उसके परिवार के साथ मारपीट की गई है.....

ऑटो स्टैंड के नाम पर अवैध वसूली का विरोध करने पर दबंगई : परि
ऑटो स्टैंड के नाम पर अवैध वसूली - फोटो : हिमांशु

Motihari : पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना अंतर्गत छपवा और हरसिद्धि क्षेत्र में टेंपो स्टैंड के नाम पर बीच सड़क अवैध 'रंगदारी टैक्स' वसूली का मामला सामने आया है। वसूली का विरोध करने पर दबंगों द्वारा एक टेंपो चालक, उसकी पत्नी और बेटी के साथ मारपीट तथा छेड़खानी की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।


अरेराज जाने के दौरान छपवा के पास घेरा

पुलिस को दी गई लिखित शिकायत के अनुसार, छगरहा निवासी चंद्रिका राम अपनी पत्नी और बेटी के साथ टेंपो से अरेराज मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। जैसे ही वे छपवा आदर्श हाई स्कूल के समीप पहुंचे, कुछ दबंगों ने टेंपो रोककर स्टैंड/रोड टैक्स के नाम पर 150 रुपये की मांग की। जब चंद्रिका राम ने बिना पार्किंग के इतनी राशि देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।


महिलाओं के साथ मारपीट और छेड़खानी का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि जब उनकी पत्नी और बेटी उन्हें बचाने आगे आईं, तो दबंगों ने उनके साथ भी हाथापाई और बदसलूकी (छेड़खानी) की। इस दौरान आरोपियों ने पीड़ित की जेब से 1,500 रुपये छीन लिए और दोबारा सड़क पर आने पर टेंपो में आग लगाने तथा जान से मारने की धमकी दी।


प्रशासनिक रोक के बावजूद बेखौफ जारी है वसूली

स्थानीय लोगों और वायरल वीडियो में उठ रहे सवालों के अनुसार, जब राज्य मुख्यालय और जिला प्रशासन के स्पष्ट निर्देश के बाद जिले की नगर पंचायतों और नगर परिषदों में अवैध पार्किंग वसूली पर रोक लगी हुई है, तो छपवा व हरसिद्धि में किस संरक्षण में यह खेल चल रहा है? आए दिन हो रही इस अवैध वसूली के कारण छपवा चौक पर जाम और मारपीट की स्थिति बनी रहती है।


पुलिस ने पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


हिमांशु की रिपोर्ट