Bihar News : मोतिहारी में GST विभाग की बड़ी छापेमारी, करोड़ों की कर चोरी का किया खुलासा, मौके पर वसूले 60 लाख रूपये
Bihar News : मोतिहारी में आभा इंटरप्राइजेज और वर्क कनेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के ठिकानों पर GST टीम ने छापेमारी की. जहाँ करोड़ों की कर चोरी पकड़ी गयी है......पढ़िए आगे
MOTIHARI : पूर्वी चम्पारण के मोतिहारी में वाणिज्य कर विभाग (GST) की विशेष टीम ने बड़े पैमाने पर छापेमारी कर करोड़ों रुपये की कर चोरी और फर्जी बिलिंग के खेल का पर्दाफाश किया है। राज्य कर अपर आयुक्त (प्रशासन), मुजफ्फरपुर के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से जिले के व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है। टीम ने मोतिहारी के दो प्रतिष्ठित संस्थानों—आभा इंटरप्राइजेज और वर्क कनेक्ट प्राइवेट लिमिटेड—पर धावा बोलकर महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।
छड़-सीमेंट की बोगस बिलिंग और फर्जी ITC का खेल
राज्य कर संयुक्त आयुक्त (प्रभारी), संतोष कुमार ने बताया कि इन दोनों संस्थानों द्वारा छड़ और सीमेंट की बोगस बिलिंग (फर्जी बिल) की जा रही थी। इसके जरिए ठेकेदारों और कार्य-संवेदकों को फर्जी तरीके से इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) हस्तांतरित किया जा रहा था। जांच टीम ने मौके से व्यापारिक बही-खाते, बैंक स्टेटमेंट और भौतिक स्टॉक को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में 1 करोड़ रुपये से अधिक की कर चोरी की संभावना जताई गई है।
छापेमारी के दौरान 60 लाख रुपये का तत्काल भुगतान
विभागीय दबिश के दौरान संबंधित व्यवसायियों ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। कार्रवाई के दबाव में व्यवसायियों द्वारा फिलहाल 60 लाख रुपये का GST भुगतान मौके पर ही कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यह राशि केवल शुरुआत है; पूरी जांच के बाद जीएसटी अधिनियम के तहत कर, ब्याज और भारी पेनाल्टी (जुर्माना) अधिरोपित कर वसूली की अंतिम कार्रवाई की जाएगी।
कारोबारियों में मचा हड़कंप, कई दुकानें बंद
वाणिज्य कर विभाग की इस औचक कार्रवाई की खबर जैसे ही शहर में फैली, अन्य कारोबारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई संदिग्ध कारोबारी अपनी दुकानों और ठिकानों के शटर गिराकर भूमिगत हो गए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि फर्जी बिलिंग और कर चोरी करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में ऐसी कार्रवाई अन्य जगहों पर भी जारी रह सकती है।
मार्च क्लोजिंग को लेकर विभाग की सख्त चेतावनी
अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 का अंतिम महीना (मार्च-2026) चल रहा है। इस संबंध में विभाग ने सभी व्यवसायियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि वे समय सीमा के भीतर विधिसम्मत तरीके से अपनी GST विवरणी (Return) दाखिल करें और ईमानदारी से कर का भुगतान सुनिश्चित करें। विभाग ने चेतावनी दी है कि अंतिम समय में गड़बड़ी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई और पेनाल्टी के लिए व्यवसायी स्वयं जिम्मेदार होंगे।
हिमांशु की रिपोर्ट