Bihar News : मोतिहारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, होली से पहले 'मिनी शराब फैक्ट्री' का किया भंडाफोड़, स्प्रिट माफिया के पास से लाखों कैश और मशीन किया बरामद

Bihar News : मोतिहारी में पुलिस ने मिनी शराब फैक्ट्री का उद्भेदन किया है. पुलिस ने भारी मात्रा में कैश और मशीन बरामद किया है......पढ़िए आगे

Bihar News : मोतिहारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, होली से पहले '
मिनी शराब फैक्ट्री का उद्भेदन - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : होली के त्योहार से पहले अवैध शराब के बड़े कारोबार को ध्वस्त करने के लिए मोतिहारी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जिले के पीपरा कोठी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक अवैध 'मिनी शराब फैक्ट्री' का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने न केवल शराब बनाने के उपकरणों को जब्त किया, बल्कि मौके से 6.59 लाख रुपये की भारी नगदी के साथ दो शातिर शराब माफियाओं को भी गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से जिले के शराब सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है।

किशुनपुर गांव में घर के अंदर चल रहा था खेल

सदर डीएसपी-2 जितेश पांडेय के नेतृत्व में पीपरा कोठी थाना पुलिस ने किशुनपुर गांव (वार्ड नंबर 5) में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। पुलिस को खबर मिली थी कि गांव के भीतर ही घर की आड़ में बड़े पैमाने पर देशी शराब बनाने और पाउच पैकिंग का काम किया जा रहा है। जब पुलिस टीम ने रंजय कुमार और संजय राय के ठिकानों पर दबिश दी, तो घर के अंदर का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। वहां शराब बनाने और सप्लाई करने का पूरा तामझाम मौजूद था।

कैश, स्प्रिट और पैकिंग मशीन जब्त

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कई महत्वपूर्ण वस्तुएं बरामद की हैं। पुलिस ने गैलन में रखा 26 लीटर कच्चा स्प्रिट, शराब के पाउच पैक करने वाली एक मशीन, 19 पीस तैयार पाउच और भारी मात्रा में पाउच बनाने वाला प्लास्टिक रैपर जब्त किया है। इसके अलावा, पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल होने वाली दो बाइक और 6.59 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं। माना जा रहा है कि यह राशि शराब की बिक्री से इकट्ठा की गई थी, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया है।

पुराने अपराधी हैं गिरफ्तार माफिया

पुलिस की गिरफ्त में आए स्प्रिट माफिया रंजय कुमार और संजय राय कोई नए अपराधी नहीं हैं। जानकारी के अनुसार, इन पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूर्व में भी इनके पास से 500 लीटर स्प्रिट की बरामदगी हुई थी, जिसके बाद केस दर्ज किया गया था। जेल से बाहर आने के बाद ये फिर से इसी अवैध धंधे में संलिप्त हो गए थे। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि होली के अवसर पर ये कहां-कहां शराब की सप्लाई करने वाले थे।

छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी

इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में सदर डीएसपी-2 जितेश पांडेय, पीपरा कोठी थाना अध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह, पुअनि शशि भूषण कुमार, मनीष कुमार और धनंजय कुमार सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे। एसपी स्वर्ण प्रभात ने टीम की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा है कि होली के मद्देनजर शराब माफियाओं के खिलाफ पुलिस का अभियान और तेज किया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों को कागजी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

हिमांशु की रिपोर्ट