Bihar News : मधुबनी में फर्जी पासपोर्ट और अवैध वीजा गिरोह का भंडाफोड़, 62 पासपोर्ट के साथ डाककर्मी समेत 4 शातिर हुए गिरफ्तार

Bihar News : मधुबनी पुलिस ने गुप्त सूचना और त्वरित कार्रवाई के आधार पर फर्जी पासपोर्ट तथा अवैध विदेशी वीजा बनाने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है......पढ़िए आगे

Bihar News : मधुबनी में फर्जी पासपोर्ट और अवैध वीजा गिरोह का
गिरोह का पर्दाफाश - फोटो : RAJKUMAR JHA

MADHUBANI : जिले के घोघरडीहा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर फर्जी पासपोर्ट एवं अवैध विदेशी वीजा के गिरोह का भंडाफोड़ क्या है। विभिन्न राज्यों का 62 पासपोर्ट को जप्त करते हुए चार शातिर सरगना को गिरफ्तार किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया मधुबनी पुलिस के द्वारा अपराध नियंत्रण के दृष्टिकोण से लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा हैं। इसी कड़ी में घोघरडीहा थाना की पुलिस टीम हनुमान चौक के पास रात्रि गश्ती एवं विशेष वाहन चेकिंग अभियान पर थी।

इस दौरान शत्रुपट्टी की ओर से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर अचानक बाइक घुमाकर भागने लगे। पुलिस बल द्वारा तत्परता दिखाते हुए दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान मो० इरशाद एवं रफी अहमद के रूप में हुई। उनके पास मौजूद काले रंग के बैग तथा बैग से भारत के विभिन्न राज्यों एवं जिलों से निर्गत कुल 62 मूल पासपोर्ट, पांच खाली रजिस्ट्री लिफाफे एवं दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।  

मो० इरशाद ने बताया कि उसके पिता मो० आरजू द्वारा गांव के ग्रामीण डाक सेवक मो० अदनान हुसैन के पते पर देश के अलग-अलग हिस्सों से विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर पासपोर्ट मंगवाए जाते हैं। इसके बाद वे दोनों इन पासपोर्ट्स को पटना एवं कानपुर के एजेंटों (मयंक व श्रवण) तक पहुंचाने का काम करते हैं। पुलिस टीम द्वारा तत्काल सघन छापामारी करते हुए मुख्य सरगना मो० आरजू तथा डाककर्मी मो० अदनान हुसैन को भी उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया गया तथा उनके पास से 02 मोबाइल फोन जब्त किए गए। 

पूछताछ में मो० आरजू ने बताया कि रूस में रहने के दौरान वह अंतरराष्ट्रीय एजेंटों के संपर्क में आया था। वर्ष 2024 से वह डाककर्मी की मिलीभगत से नौकरी का प्रलोभन देकर पासपोर्ट मंगाता था तथा प्रति पासपोर्ट 2-2 लाख रूपया लेकर टूरिस्ट वीजा पर अवैध रूप से विदेश भेजता था। साथ ही अन्य लोगों के नाम पर फर्जी पासपोर्ट व दस्तावेज तैयार कर तस्करी का सिंडिकेट चला रहा था। घोघरडीहा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार चारों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

राजकुमार झा की रिपोर्ट