Bihar News: बिहार के एक ही परिवार के 6 लोग जिंदा जले, 1 दिन पहले ही पहुंचे थे इंदौर, किशनगंज में फैला मातम

Bihar News: कहते हैं मौत आती है तो फिर इंसान को कोई नहीं बचा सकता एक ऐसा ही मामला सामने आया है जहां किशनगंज का एक परिवार जो एक दिन पहले ही इंदौर पहुंचा था उसकी मौत हादसे में हो गई। एक ही परिवार के 6 लोग जिंदा जल गए।

 इंदौर में भीषण हादसा
6 लोग जिंदा जले- फोटो : social media

Bihar News: कहते हैं कि आग चाहे पेट की भूख की हो या किसी जलती हुई इमारत की, उसमें झुलसने वाला अक्सर कोई 'बिहारी' ही होता है। एक बार फिर यह वाक्य सही साबित होता हुआ दिख रहा है। दरअसल, सुबह सुबह जानकारी मिली थी कि इंदौर में इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान आग लग गई और घर में रखे गैस सिलेंडर में धमाका हुआ। इस घटना में 8 लोगों की मौत की जानकारी मिली। वहीं अब जो अपडेट सामने आ रही है उसके अनुसार मरने वालों में आधा दर्जन लोग बिहार के हैं। सबसे दर्दनाक बात है कि मरने वाले एक ही परिवार के 6 लोग हैं। इंदौर में हुए इस हादसे के बाद बिहार में मौजूद परिवार के सदस्यों में कोहराम मच गया है।  

बिहार के 6 लोगों की मौत 

दरअसल, इंदौर के बंगाली चौराहे के पास स्थित ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। घर के बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक कार की चार्जिंग के दौरान लगी भीषण आग में 8 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 3 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि मृतकों में किशनगंज के एक ही परिवार के 6 लोग शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि सभी मृतक एक दिन पहले ही इंदौर गए थे। बताया जा रहा है कि इलाज कराने के लिए सभी रिश्तेदार के घर पर थे जहां हादसे के शिकार हो गए। 

सुबह 4 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के करीब 4 बजे इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, आग घर के अंदर रखे गैस सिलेंडरों तक पहुंच गई, जिससे एक के बाद एक धमाके होने लगे। विस्फोट इतना तेज था कि मकान का एक हिस्सा ढह गया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विजय सेठिया (65), छोटू सेठिया (22), सुमन (60), मनोज पुगलिया (65), सिमरन (30), राशि सेठिया (12), टीनू (35) और तनय (8) के रूप में हुई है। घायलों में सुनीता पुगलिया, सौरभ पुगलिया, सोमिल पुगलिया और हर्षित पुगलिया शामिल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।