कटिहार स्टेशन पर शराब जब्ती के रेड के दौरान उत्पाद विभाग और GRP में जमकर हाथापाई, एक भूल से हुआ बड़ा बवाल
Bihar News : बिहार के कटिहार रेलवे स्टेशन पर शराब की खेप पकड़ने के लिए की गई छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम और रेल जीआरपी के बीच टकराव का मामला सामने आया है। घटना के बाद अब दोनों पक्षों के वरीय अधिकारियों के बयान सामने आए हैं, जिसमें इस पूरे विवाद को ‘मिसकम्युनिकेशन’ का परिणाम बताया जा रहा है।
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि हाटे बाजारे एक्सप्रेस से शराब की खेप उतारी जाने वाली है। इसी आधार पर टीम त्वरित कार्रवाई के लिए स्टेशन पहुंची। हालांकि, जल्दबाजी में रेल पुलिस को इसकी पूर्व सूचना नहीं दी जा सकी, जिसके कारण गलतफहमी की स्थिति उत्पन्न हो गई और जीआरपी के जवानों ने उत्पाद विभाग की टीम को ही निशाना बना लिया।
उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर रेल एसपी और डीसीपी से बातचीत की गई है और भविष्य में ऐसे मामलों में बेहतर समन्वय के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं रेल डीएसपी ने भी माना कि पूर्व सूचना के अभाव में यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और अन्य बिंदुओं पर भी गौर किया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।
इस घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। बंगाल से सटे महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शन कटिहार में यदि शराब की तस्करी की सूचना के बावजूद संबंधित विभाग आपसी तालमेल के अभाव में उलझते हैं, तो राज्य में लागू शराबबंदी के प्रभावी क्रियान्वयन पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
श्याम की रिपोर्ट