Bihar News : कटिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा में सेटिंग कराने वाले गिरोह का पुलिस ने किया भंडाफोड़, दो शातिर को किया गिरफ्तार, ब्लैंक चेक और कारतूस किया बरामद

Bihar News : कटिहार पुलिस ने बिहार मद्यनिषेध सिपाही भर्ती परीक्षा में धांधली और कथित सेटिंग कराने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है......पढ़िए आगे

Bihar News : कटिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा में सेटिंग करान
शातिर बदमाश गिरफ्तार - फोटो : SHYAM

KATIHAR : जिले के कुरसेला थाना क्षेत्र में नियमित वाहन जांच के दौरान पुलिस ने बिहार मद्यनिषेध सिपाही भर्ती परीक्षा में कथित सेटिंग कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से कई अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाणपत्र, बैंक के ब्लैंक चेक, हस्ताक्षरित स्टांप, कारतूस , मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद किए गए हैं। मामले में अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी है।

कटिहार पुलिस अधीक्षक ने इस  मामले की खुलासा करते हुए बताया कि 18 जुलाई को कुरसेला थाना क्षेत्र के बखरी महेशपुर में वाहन जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान पूर्णिया जिले के टिकापट्टी थाना क्षेत्र के सपहा निवासी सोनू कुमार (26) और साहिल कुमार (22) के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान दोनों के पास से मैट्रिक एवं इंटर के कई मूल प्रमाणपत्र, विभिन्न बैंकों के ब्लैंक चेक, 500 रुपये मूल्य के कई स्टांप पेपर जिन पर अलग-अलग व्यक्तियों के हस्ताक्षर थे, छह जिंदा कारतूस तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर मद्यनिषेध सिपाही भर्ती में चयन कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूलते थे। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया कि अंतिम चयन के बाद एक अभ्यर्थी से 10 लाख रुपये तक लिए जाते थे।

पुलिस ने दोनों आरोपितों की निशानदेही पर एक अन्य स्थान से सिपाही भर्ती परीक्षा के कई अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र भी बरामद किए हैं। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

श्याम की रिपोर्ट