रॉन्ग साइड से आ रही ट्रक सड़क पर मौत बनकर दौड़ी ,तीन युवकों की गई जान, हादसे के बाद लोगों में उबाल

Bihar Road Accident:नेशनल हाईवे पर ऐसा खौ़फनाक मंजर देखने को मिला, जिसने हर किसी की रूह कंपा दी।...

National Highway Turns Deadly 3 Killed in High Speed Truck C
रॉन्ग साइड का खौफनाक अंजाम- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: कटिहार के मुफस्सिल थाना इलाके में नेशनल हाईवे पर ऐसा खौ़फनाक मंजर देखने को मिला, जिसने हर किसी की रूह कंपा दी। रोजितपुर के पास एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने रॉन्ग साइड से आकर बाइक सवार तीन युवकों को ऐसी ज़बरदस्त टक्कर मारी कि सब कुछ चंद लम्हों में तबाह हो गया। हादसा इतना हौलनाक था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक लहूलुहान हालत में सड़क पर तड़पते रह गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने इंसानियत दिखाते हुए फौरन दो घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंज़ूर था इलाज के दौरान उनकी भी सांसों की डोर टूट गई, जबकि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस खूनी हादसे के बाद ट्रक चालक अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिससे पूरे मामले में साज़िश और लापरवाही की बू आने लगी।

सूचना मिलते ही एसडीपीओ अभिजीत कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में किया। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश तेज कर दी गई है।

मृतकों की पहचान मनिहारी थाना क्षेत्र के महियारपुर गांव निवासी राहुल उरांव, निकेश उरांव समेत तीन युवकों के रूप में हुई है। परिजनों का गम और ग़ुस्सा साफ झलक रहा है। उन्होंने बताया कि राहुल कई महीनों बाद गुजरात से घर लौटा था और उसी दिन अपने गांव के दो साथियों को स्टेशन छोड़ने जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही मौत ने उन्हें आ घेरा।

गांव में मातम पसरा हुआ है और लोगों में इंतहाई आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर रॉन्ग साइड में गाड़ियों का चलना अब आम बात बन चुका है, जो हर दिन किसी न किसी को मौत के मुंह में धकेल रहा है। पुलिस की शुरुआती जांच में भी रॉन्ग साइड ड्राइविंग को इस दिल दहला देने वाले हादसे की मुख्य वजह माना गया है। अब सवाल यह है आख़िर कब थमेगा ये मौत का खेल और कब जागेगा प्रशासन?

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह