कटिहार में भीषण आग, आधा दर्जन दुकानें जलकर राख, दमकल की देर से पहुंच से बढ़ा नुकसान

Bihar Fire: आग लगते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। हालांकि फायर ब्रिगेड की गाड़ी देर से पहुंचने को लेकर ....

Massive Fire in Katihar Destroys 6 Shops Delay in Fire Briga
कटिहार में भीषण आग- फोटो : reporter

Bihar Fire: कटिहार के मनिहारी प्रखंड के नवाबगंज चौक पर बीती रात अचानक भीषण आग लग जाने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते अपने प्रलयकारी पंजों से कई दुकानों को जला दिया। नाश्ता दुकान, सब्जी दुकान, इलेक्ट्रॉनिक दुकान,  सैलून सहित करीब आधा दर्जन दुकानें पूरी तरह से राख हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। हालांकि फायर ब्रिगेड की गाड़ी देर से पहुंचने को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी और आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना था कि यदि दमकल समय पर पहुंचती तो नुकसान काफी कम हो सकता था।

स्थानीय दुकानदारों, ग्रामीणों और पत्रकारों के सहयोग से कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, प्रशासन ने नुकसान का आकलन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस घटना ने इलाके में भय और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस आगजनी से उनके आर्थिक साधनों को भारी क्षति पहुंची है और प्रशासन से तत्काल राहत की मांग की जा रही है। कुछ दुकानदारों का कहना है कि आग की लपटों ने उनका सारा संसाधन और सामग्री राख कर दिया, जिससे उनकी आजीविका पर गंभीर प्रभाव पड़ा है।

प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित दुकानदारों के लिए मुआवजे की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। ग्रामीण और दुकानदार प्रशासन की सहायता से राहत कार्यों में जुट गए हैं।

कटिहार मनिहारी की यह घटना यह साबित करती है कि आपातकालीन सेवाओं में विलंब कितनी भारी तबाही ला सकता है। स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द से जल्द प्रभावी कदम उठाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने की अपील कर रहे हैं।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह