Bihar News:कटिहार ITI में परीक्षा शुल्क के नाम पर वसूली का आरोप, 413 की जगह 3600 रुपये मांगने पर छात्रों का हंगामा

Bihar News: कटिहार के आईटीआई कॉलेज में परीक्षा शुल्क के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।

Katihar ITI Students Allege Excess Fee Collection Racket
रीक्षा शुल्क के नाम पर वसूली का आरोप- फोटो : News4Nation

Bihar News: कटिहार के आईटीआई कॉलेज में परीक्षा शुल्क के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन और कुछ शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि जहां परीक्षा शुल्क महज 413 रुपये निर्धारित है, वहीं छात्रों से विभिन्न सुविधाओं के नाम पर 3600 रुपये तक की मांग की जा रही है।

छात्रों का कहना है कि इस पूरे खेल को अंजाम देने के लिए एक छात्र को ही कथित तौर पर एजेंट बना दिया गया है। आरोप है कि उसी छात्र के मोबाइल और खाते के माध्यम से अन्य छात्र-छात्राओं से ऑनलाइन रकम जमा करवाई जा रही है। जब इस संबंध में सवाल पूछे गए तो संबंधित छात्र ने गोलमोल जवाब देकर मामले को टालने की कोशिश की।

आक्रोशित छात्राओं ने खुलकर आरोप लगाया कि परीक्षा फॉर्म भरने और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के नाम पर अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है। उनका कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले कई छात्र इस कथित वसूली से परेशान हैं और मजबूरी में पैसे जमा करने को विवश हो रहे हैं।

मामले को लेकर कॉलेज परिसर में जमकर हंगामा हुआ। छात्रों ने प्राचार्य और उप-प्राचार्य से शिकायत दर्ज कराते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे जिला पदाधिकारी (डीएम) से मिलकर शिकायत करेंगे और व्यापक आंदोलन छेड़ेंगे।

इस पूरे विवाद ने कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों का आरोप है कि बिना शिक्षकों की जानकारी और संरक्षण के इस तरह की वसूली संभव नहीं है।

वहीं जब मीडिया ने कॉलेज के उप-प्राचार्य से इस संबंध में सवाल किया तो उन्होंने मामले की जानकारी नहीं होने की बात कही। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर अनियमितता या गड़बड़ी पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल परीक्षा शुल्क के नाम पर कथित वसूली के आरोपों ने शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर इस कथित गोरखधंधे के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह