Bihar Crime: गंगा दियारा में टाइगर का आतंक खत्म, मछुआरों से रंगदारी वसूलने वाला बदमाश गिरफ्तार, गिरोह के बाकी गुर्गों की तलाश तेज
Bihar Crime: मछुआरों से रंगदारी वसूलने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। कुख्यात टाइगर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.........
Katihar: मनिहारी गंगा दियारा क्षेत्र में मछुआरों से रंगदारी वसूलने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। लंबे समय से दियारा इलाके में दहशत का पर्याय बने 'टाइगर' को मछुआरों की बहादुरी और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि उसके साथ मौजूद चार अन्य आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मनिहारी गंगा क्षेत्र में मछली पकड़ने वाले मछुआरों से टाइगर अपने साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर रंगदारी की मांग कर रहा था। आए दिन हो रही वसूली से परेशान मछुआरों ने इस बार हिम्मत दिखाई और रंगदारी देने से इनकार कर दिया। विरोध होते ही अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान चार बदमाश भागने में सफल रहे, जबकि टाइगर को मछुआरों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की पुष्टि करते हुए मनिहारी अनुमंडल डीएसपी ने बताया कि पुलिस को मछुआरों से सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी गंगा दियारा में रंगदारी वसूल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और स्थानीय लोगों के सहयोग से मुख्य आरोपी टाइगर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी टाइगर का संबंध दियारा क्षेत्र के कुख्यात मोहन ठाकुर गिरोह से बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह का नाम पहले भी दियारा इलाके में रंगदारी, आपराधिक गतिविधियों और मछुआरों को धमकाने जैसी घटनाओं में सामने आता रहा है। टाइगर का भी आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पहले से कई गंभीर आरोप दर्ज बताए जा रहे हैं।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं फरार चार अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि गंगा दियारा क्षेत्र में अपराध और रंगदारी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए अभियान जारी रहेगा। मछुआरों और स्थानीय लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे गिरोह के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह