Katihar bike accident: कटिहार में बाइक हादसे के बाद बवाल! चालक की पीट-पीटकर हत्या, गांव में तनाव

Katihar bike accident: कटिहार में बाइक हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Katihar bike accident
कटिहार में मॉब लिंचिंग!- फोटो : social media

Katihar bike accident: कटिहार जिले के रहमानपुर गांव में रविवार (26 अप्रैल 2026) की देर शाम एक दर्दनाक हादसे ने हिंसक रूप ले लिया। एक बाइक की चपेट में आने से 15 साल के मो. खुसरो की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद गुस्साए लोगों ने बाइक चालक को पकड़ लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी भी जान चली गई।

बताया जा रहा है कि मृतक किशोर और बाइक चालक मो. सुकरुद्दीन (40) दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और उनके घर भी एक-दूसरे के पास ही थे। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लोगों का गुस्सा भड़क उठा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ग्रामीणों ने चालक को खदेड़कर पकड़ लिया। इसके बाद उसे बिजली के खंभे से बांध दिया गया और लगातार पीटा गया। मारपीट इतनी ज्यादा थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

पूरे गांव में तनाव का माहौल

इस दोहरी मौत के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया है। घटना की सूचना मिलते ही सुधानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने की कोशिश की। इलाके में स्थिति को काबू में रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय जदयू नेता ख्वाजा शाहिद भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और हालात को सामान्य करने की कोशिश की।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी का बयान

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि जो भी लोग इस घटना में दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।