Jamui Tazia procession: जमुई में ताजिया जुलूस के दौरान बवाल, दो गुटों में जमकर पथराव, मचा हड़कंप

Jamui Tazia procession: जमुई में ताजिया जुलूस के दौरान दो पक्षों में झड़प और पथराव का मामला सामने आया है। इस दौरान आधा दर्जन लोग घायल हो चुके हैं। हालांकि, पुलिस ने हालात पर काबू पाने में कामयाबी हासिल की है।

Jamui Tazia procession
जमुई में बड़ा बवाल- फोटो : social media

Jamui Tazia procession: बिहार के जमुई शहर के पुरानी बाजार टाउन हॉल के पास ताजिया जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर झड़प हो गई। इस दौरान ईंट-पत्थर चलने से करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।

घायलों में पुरानी बाजार के असलम अंसारी, राजू अंसारी और नाजिस आलम के नाम शामिल हैं, जिन्हें ज्यादा चोटें आई हैं। इसके अलावा कई महिलाएं और अन्य ग्रामीण भी आंशिक रूप से घायल हुए हैं।जानकारी के अनुसार, गोगाकुरा (धोबियाकुरा) गांव का ताजिया जुलूस बड़ी संख्या में लोगों के साथ उलाई नदी पार कर पुरानी बाजार टाउन हॉल से होकर गांधी चौक तक गया था। वहां अखाड़ा प्रदर्शन के बाद जुलूस वापस लौट रहा था।

पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू

इसी दौरान टाउन हॉल के पास धोबियाकुरा गांव के लोग कुछ देर तक अखाड़ा प्रदर्शन करने लगे। उसी समय पुरानी बाजार का ताजिया भी वहां से निकलने वाला था, जिससे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हो गया और दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। करीब आधे घंटे तक पथराव चलता रहा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।इस दौरान सड़क से गुजर रहे कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। मौके पर मौजूद लोग और जुलूस देखने आई महिलाएं भी पथराव की चपेट में आ गईं।

घटना में एक व्यक्ति का पैर टूटने की खबर

सूचना मिलते ही एडीएम, एसडीपीओ, थानाध्यक्ष मिंटू सिंह, बीडीओ सुनील कुमार चांद और अन्य अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया और जुलूस को सुरक्षित आगे बढ़वाया।धोबियाकुरा गांव के जुलूस को नदी पार कराया गया, जबकि पुरानी बाजार के जुलूस को सुरक्षित रूप से आगे भेजा गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी देर तक मौके पर कैंप करते रहे। इस घटना में एक व्यक्ति का पैर टूटने की भी सूचना है, जबकि अन्य लोग घायल हुए हैं जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे एक दिन पहले भी दोनों गांवों के बीच विवाद हुआ था, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया था।