Bihar News : गोपालगंज में फांसी के फंदे से लटकता मिला महिला का शव, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

Bihar News : गोपालगंज में फांसी के फंदे से लटकता मिला महिला

GOPALGANJ : गोपालगंज के बरौली थाना क्षेत्र के पचरूखिया गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 25 वर्षीय महिला का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। 

मृतका की पहचान पचरूखिया गांव निवासी अनीश कुमार यादव की पत्नी लक्ष्मी देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस इस मामले को आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं से जांच रही है। बताया जाता है कि मृतका का पति अनीश कुमार यादव हैदराबाद में रहकर वेल्डिंग का काम करता है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था। इसी बीच संदिग्ध परिस्थितियों में लक्ष्मी देवी का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। 

ससुराल पक्ष ने ही इस घटना की सूचना पुलिस और मायके पक्ष को दी। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के पिता मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। पिता का कहना है कि जब वे घर पहुंचे, तब उनकी बेटी मृत अवस्था में पड़ी थी और उसके गले में फांसी का निशान था। हालांकि उन्होंने हत्या के पीछे किसी ठोस कारण का खुलासा नहीं किया, लेकिन यह जरूर कहा कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। 

उधर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कहा है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही, सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस हर एंगल से मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

नमो नारायण की रिपोर्ट