Bihar News : गोपालगंज में महज एक रुपये के विवाद में हुई हिंसक झड़प, दुकानदार ने ग्राहक का सिर फोड़ा

Bihar News : गोपालगंज में महज एक रूपये के विवाद में हिंसक झड़प हो गयी. जिसमें एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : गोपालगंज में महज एक रुपये के विवाद में हुई हिंस
एक रूपये के लिए मारपीट - फोटो : SOCIAL MEDIA

GOPALGANJ : जिले के हथुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनचक गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ महज 1 रुपये के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गुटखा खरीदने गए एक ग्राहक और दुकानदार के बीच हुई मामूली कहासुनी इस कदर बढ़ी कि दुकानदार ने जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में सोहागपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनके सिर पर गहरा जख्म होने के कारण स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र कुमार सिंह रतनचक गांव की एक दुकान पर गुटखा खरीदने गए थे। गुटखे की कीमत 5 रुपये थी और उन्होंने दुकानदार को 5 रुपये ही दिए। आरोप है कि दुकानदार जबरन 6 रुपये की मांग करने लगा। इसी बीच दुकानदार के घर की एक महिला ने आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए माहौल को और गरमा दिया। धर्मेंद्र का कहना है कि उन्होंने विवाद को टालने की कोशिश की, लेकिन दुकानदार पक्ष हिंसक हो उठा।

विवाद बढ़ने पर दुकानदार ने लोहे के औजार (छानोता) से धर्मेंद्र के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले के बाद धर्मेंद्र खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत हथुआ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें गोपालगंज मॉडल सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहाँ फिलहाल उनका उपचार चल रहा है।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 1-2 रुपये के मामूली लेनदेन को लेकर आपसी मारपीट हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है और घायल के बयान व उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

फिलहाल, पुलिस रतनचक गांव और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के सही क्रम का पता लगाया जा सके। पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। इस घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है और लोग महज एक रुपये के लिए हुए इस हिंसक हमले की निंदा कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। 

नमो नारायण की रिपोर्ट