Bihar News : गोपालगंज में लहलहा रही अफीम की खेती को पुलिस ने किया नष्ट, लाखों की फसल किया बरामद, मौके से नाबालिग को हिरासत में लिया
GOPALGANJ : गोपालगंज में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती का बड़ा भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर लाखों रुपये कीमत की अफीम की फसल को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई भोरे थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में की गई, जहां करीब चार धुर जमीन में अफीम की खेती की जा रही थी। पुलिस ने मौके से एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
दरअसल गोपालगंज पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भोरे थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर हथुआ एसडीएम अभिषेक कुमार चंदन और हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। जांच के दौरान करीब चार धुर जमीन में उगाई गई अफीम की फसल बरामद हुई, जो पूरी तरह तैयार होने के कगार पर थी। बाजार में इसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
टीम ने मौके पर ही पूरी अफीम की फसल को नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध अफीम की खेती के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। गोपालगंज के भोरे थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में लाखों रुपये कीमत की अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ कर पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नमो नारायण की रिपोर्ट