Bihar News: कलह की आग में झुलसी ममता, मां ने दो मासूमों संग खाया जहर , इलाके में दहशत

Bihar News: पारिवारिक कलह से आहत एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ आत्मघाती कदम उठा लिया। ...

Mother Two Kids Consume Poison Amid Family Feud
कलह की आग में झुलसी ममता- फोटो : reporter

Gopalganj:  जिला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर हाता टोला में पारिवारिक कलह से आहत एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ आत्मघाती कदम उठा लिया। हालांकि वक्त पर इलाज मिल जाने से तीनों की जान बच गई है और फिलहाल उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, स्थानीय निवासी भोला भगत की पत्नी लक्ष्मीना देवी का अपने पति से सुबह से ही किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। घरेलू तकरार ने ऐसा उग्र रूप लिया कि गुस्से और मायूसी में महिला ने कथित तौर पर पहले अपने दो बेटों 6 वर्षीय रिकल कुमार और 4 वर्षीय मतिज कुमार को जहर खिलाया और फिर खुद भी जहर खा लिया।

घटना की भनक लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोगों और परिजनों ने बिना देर किए तीनों को आनन-फानन में सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। डॉक्टरों की तत्परता और समय पर उपचार से राहत की खबर आई मां और दोनों बच्चों की हालत अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार, “समय पर अस्पताल लाए जाने से स्थिति नियंत्रण में आ गई।”

सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। पुलिस पारिवारिक विवाद की वजहों और घटना के हालात की गहराई से जांच कर रही है।

यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि घरेलू कलह का समाधान बातचीत और समझदारी से होना चाहिए। गुस्से या आवेश में उठाया गया कदम मासूम जिंदगियों को खतरे में डाल सकता है। फिलहाल इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और लोग दुआ कर रहे हैं कि परिवार दोबारा ऐसी त्रासदी का सामना न करे।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा