गोपालगंज पुलिस का बड़ा एक्शन: स्मैक की तस्करी कर रहे महिला-पुरुष को किया गिरफ्तार, 95 ग्राम स्मैक बरामद
Gopalganj : जिले की मांझागढ़ थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बाइक पर सवार एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान इनके पास से करीब 95 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसे 135 अलग-अलग पुड़ियों में भरकर बेचने की तैयारी थी। इस कार्रवाई के बाद से जिले के नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस को देख भागने लगे तस्कर, खदेड़कर दबोचा
जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल को मांझागढ़ पुलिस की टीम बहोराहाता पुल के पास दिवा गश्ती और वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी बीच एक बाइक पर सवार युवक और महिला पुलिस बल को देखकर अचानक घबरा गए और गाड़ी मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस की सतर्क टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को घेराबंदी कर खदेड़कर पकड़ लिया। जब उनके पास मौजूद थैले की जांच की गई, तो उसमें भारी मात्रा में स्मैक की पुड़िया मिलीं।
नगर थाना और महम्मदपुर के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महम्मदपुर थाना क्षेत्र के करसघाट निवासी 43 वर्षीय हरकेश सिंह और गोपालगंज नगर थाना क्षेत्र के सरेया वार्ड नंबर 02 निवासी रौशन तारा के रूप में की गई है। पुलिस ने स्मैक के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त अपाचे बाइक, एक मोबाइल फोन और 660 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। पुलिस ने मौके पर ही विधिवत जब्ती सूची तैयार की और आरोपियों के परिजनों को उनकी गिरफ्तारी की सूचना दे दी।
बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका
सदर एसडीपीओ-2 (सिधवलिया) राजेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों से शुरुआती पूछताछ की गई है, लेकिन वे स्मैक की खेप को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहे हैं। बरामद स्मैक की मात्रा और पैकिंग के तरीके को देखते हुए पुलिस को अंदेशा है कि ये दोनों किसी बड़े अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हैं। पुलिस अब इनके मोबाइल कॉल डिटेल्स के जरिए मुख्य सरगना तक पहुँचने की कोशिश कर रही है।
प्राथमिकी दर्ज, जेल भेजने की तैयारी
मांझागढ़ थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा मुक्ति अभियान के तहत जिले में इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। फिलहाल, गिरफ्तार महिला और पुरुष को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है और पुलिस यह पता लगा रही है कि इस खेप की आपूर्ति कहाँ की जानी थी।
नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट