Bihar News: हाईवे पर अनियंत्रित बस पलटी, दर्जनों यात्री घायल, चीख-पुकार से दहला गोपालगंज
Bihar News: एक यात्री बस तेज रफ्तार और संतुलन बिगड़ने के कारण सड़क किनारे पलट गई।...
Bihar News: गोपालगंज जिले में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा सिधवलिया थाना क्षेत्र के टोल टैक्स के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार और संतुलन बिगड़ने के कारण बस सड़क किनारे पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में सवार यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कई लोग अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत-बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला।
इस दुर्घटना में करीब एक दर्जन से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी मॉडल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बस के अनियंत्रित होने के पीछे क्या कारण रहा तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही या फिर तकनीकी खराबी।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए जाते। फिलहाल घायलों के बेहतर इलाज और हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा