Bihar News : गोपालगंज में मर्डर मिस्ट्री बना 'व्हाट्सएप मैसेज', मृतक के भाई के मोबाइल पर आया संदेश— 'प्रेम-प्रसंग में मार दिया, लाश चंवर में है'

Bihar News : गोपालगंज में एक पूर्व सरपंच के 23 वर्षीय बेटे का खून से लथपथ शव सोहागपुर गांव से सटे बंगरा चंवर से बरामद किया गया है। पुलिस जांच में जुटी है.....पढ़िए आगे

Bihar News : गोपालगंज में मर्डर मिस्ट्री बना 'व्हाट्सएप मैसे
पूर्व सरपंच के बेटे की हत्या - फोटो : NAMO NARAYAN

GOPALGANJ : गोपालगंज के हथुआ में एक सनसनीखेज हत्याकांड से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पूर्व सरपंच के बेटे का शव खून से लथपथ हालत में चंवर से बरामद किया गया है। इस हत्या की सबसे रहस्यमयी कड़ी बना है एक व्हाट्सएप मैसेज, जो मृतक के ही मोबाइल नंबर से उसके भाई के फोन पर आया। मैसेज में प्रेम-प्रसंग को लेकर हत्या कर शव को चंवर में फेंक देने का दावा किया गया था। मैसेज मिलने के कुछ ही देर बाद पुलिस ने चंवर से युवक का शव बरामद कर लिया। अब पुलिस प्रेम-प्रसंग समेत सभी पहलुओं पर जांच में जुटी है। 

बता दें की हथुआ थाना क्षेत्र के सोहागपुर पंचायत के पूर्व सरपंच कपिलदेव राम के 23 वर्षीय पुत्र अनीश कुमार की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। अनीश रविवार की शाम करीब साढ़े छह बजे साइकिल लेकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे अनीश के मोबाइल नंबर से उसके भाई के व्हाट्सएप पर एक संदेश आया। संदेश में लिखा था कि प्रेम-प्रसंग के कारण अनीश की हत्या कर दी गई है और शव को चंवर में फेंक दिया गया है। यह मैसेज पढ़ते ही परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही हथुआ थाना पुलिस सक्रिय हुई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने संभावित स्थानों पर छानबीन शुरू की, जिसके बाद सोहागपुर गांव से सटे बंगरा चंवर से अनीश कुमार का शव बरामद किया गया। शव खून से लथपथ था और शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान मौजूद थे। घटनास्थल का दृश्य देखकर साफ प्रतीत हो रहा था कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता स्वयं मौके पर पहुंचे। वहीं फॉरेंसिक साइंस लैब यानी एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल से भेजे गए व्हाट्सएप मैसेज, कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है। हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि युवक रविवार शाम घर से निकला था और सोमवार को उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई है और कई अहम साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का सफल उद्भेदन कर लिया जाएगा।

फिलहाल व्हाट्सएप पर आया रहस्यमयी मैसेज, प्रेम-प्रसंग की चर्चा और चंवर से बरामद खून से लथपथ शव ने इस हत्याकांड को एक मर्डर मिस्ट्री बना दिया है। अब सबकी नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि आखिर अनीश कुमार की हत्या किसने और क्यों की। हथुआ में हुई इस सनसनीखेज हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर मृतक के मोबाइल से मैसेज किसने भेजा? क्या सचमुच प्रेम-प्रसंग हत्या की वजह है या इसके पीछे कोई और साजिश छिपी है? इन सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ पाएंगे। फिलहाल पुलिस अपराधियों तक पहुंचने के लिए हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।

नमो नारायण की रिपोर्ट