World No Tobacco Day : सीआरपीएफ 159 बटालियन में मनाया गया विश्व तंबाकू निषेध दिवस, जवानों को दिलाई गई तंबाकू मुक्त जीवन की शपथ

World No Tobacco Day : विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर सीआरपीएफ 159 बटालियन में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया.....पढ़िए आगे

World No Tobacco Day : सीआरपीएफ 159 बटालियन में मनाया गया वि
तंबाकू मुक्त जीवन की शपथ- फोटो : SOCIAL MEDIA

CHHATISGARH : चिकपाल स्थित 159 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) मुख्यालय में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बल के कई आला अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में जवानों ने हिस्सा लिया और तंबाकू के खिलाफ एकजुटता दिखाई।

कमांडेंट सहित कई वरीय अधिकारी रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण अवसर पर कमांडेंट कुमार मयंक, द्वितीय कमान अधिकारी मनीष कुमार, असिस्टेंट कमांडेंट तुलसीदास और डॉ. पी. अजय कुमार सहित बटालियन के अन्य अधिकारी एवं जवान मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य सुरक्षाबलों के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

तंबाकू से होने वाले जानलेवा दुष्प्रभावों पर चर्चा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट कुमार मयंक ने तंबाकू और उससे बने विभिन्न उत्पादों के सेवन से शरीर पर होने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की गंभीर बीमारियों सहित अनेक जानलेवा रोगों का सबसे प्रमुख कारण है।

स्वस्थ समाज के लिए तंबाकू मुक्त जीवन का आह्वान

कमांडेंट ने स्वस्थ जीवन और एक बेहतर समाज के निर्माण के लिए तंबाकू से दूरी बनाने को अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने सभी अधिकारियों और जवानों से अपील की कि वे खुद तो तंबाकू मुक्त जीवन अपनाएं ही, साथ ही अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

जवानों ने ली शपथ, तंबाकू मुक्त भारत का दोहराया संकल्प

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी अधिकारियों और जवानों को तंबाकू का सेवन न करने तथा दूसरों को भी इसके खिलाफ प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। सभी ने एक सुर में तंबाकू मुक्त भारत के संकल्प को दोहराते हुए समाज में व्यापक जनजागरूकता फैलाने का दृढ़ संकल्प लिया।