वियतनाम के राष्ट्रपति का सीएम सम्राट चौधरी ने किया स्वागत, तीन दिवसीय भारत यात्रा की शुरुआत बिहार से
राष्ट्रपति तो लाम के साथ वियतनाम सरकार के कई मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी है. उन्होंने बिहार के गया जी से भारत यात्रा की शुरुआत की है .
Bihar News : वियतनाम के राष्ट्रपति टो लाम के बिहार आगमन पर मंगलवार को राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनका स्वागत किया. गया स्थित हवाईअड्डे पर सीएम सम्राट ने उनका पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया और दोनों ने एक दूसरे का अभिवादन कर गर्मजोशी से मुलाकात की. वियतनाम के राष्ट्रपति चुने जाने के बाद राष्ट्रपति टो लाम की भारत की यह पहली राजकीय यात्रा है जिसकी शुरुआत उन्होंने बिहार से की है. वियतनाम के राष्ट्रपति टो लाम के साथ एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है.
वहीं अपनी इस मुलाकात को लेकर सीएम सम्राट ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और विरासत की नगरी गयाजी आगमन पर वियतनाम के माननीय राष्ट्रपति टो लाम जी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। यह ऐतिहासिक आगमन निश्चित ही हमारे भारत-वियतनाम के प्रगाढ़ संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।'
राष्ट्रपति तो लाम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच महाबोधि मंदिर पहुंचे. यहां मंदिर के सचिव डॉ. महाश्वेता महारथी ने पवित्र खादा पहनाकर उनका स्वागत किया. वहीं मुख्य पुजारी भिक्षु चलिंदा ने विधिवत पूजा-अर्चना कराई. राष्ट्रपति टो लाम ने पवित्र बोधि वृक्ष की छांव तले कुछ समय ध्यान साधना किया.
बिहार के बाद वे दिल्ली जाएंगे जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से उनकी मुलाकात होगी. बाद में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति तो लाम के साथ द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं के साथ-साथ पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर व्यापक चर्चा करेंगे वहीं गुरुवार को राष्ट्रपति टो लाम मुंबई जाएंगे.