पिस्टल लहराते मुखिया का वीडियो हुआ वायरल, दर्ज हुई प्राथमिकी
गयाजी जिले के बेलागंज प्रखंड से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां चिरैला पंचायत के मुखिया का पिस्टल लहराते सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी गई है.....
Gayaji : जिले के बेलागंज प्रखंड अंतर्गत चिरैला पंचायत के वर्तमान मुखिया जितेंद्र यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मुखिया के हाथ में एक पिस्तौल दिखाई दे रही है, जिसे वे एक गाने की धुन पर लहराते हुए रील बनाते नजर आ रहे हैं। जनप्रतिनिधि द्वारा सार्वजनिक मंच पर हथियार लहराने का यह वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई है।
सोशल मीडिया स्टोरी से तेजी से फैला वीडियो
बताया जा रहा है कि मुखिया की ओर से यह वीडियो सबसे पहले स्वयं अपने सोशल मीडिया अकाउंट की स्टोरी पर साझा किया गया था। वहां से डाउनलोड होकर यह वीडियो अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से प्रसारित होने लगा। जनप्रतिनिधि द्वारा हथियारों के इस तरह खुलेआम प्रदर्शन और रील बनाने को लेकर स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूज़र्स के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
हथियार असली या नकली, जांच के बाद होगी पुष्टि
हालांकि, वायरल हो रहे वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार वास्तविक पिस्तौल है या कोई अन्य वस्तु, इसकी स्वतंत्र रूप से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि वीडियो की तकनीकी सत्यता, उसके निर्माण के समय और उसमें इस्तेमाल किए गए हथियार की वास्तविक प्रकृति की पुष्टि गहन पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
डीएसपी के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी रवि प्रकाश ने बताया कि यह मामला संज्ञान में आते ही इसकी निष्पक्ष जांच के लिए स्थानीय थाना को निर्देश भेज दिए गए हैं। वहीं, बेलागंज थानाध्यक्ष ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीम मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है।
कानूनी कार्रवाई में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि कानून के मुताबिक सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के असलहे या हथियार का प्रदर्शन करना पूरी तरह प्रतिबंधित और गैर-कानूनी है। बेलागंज थाना पुलिस अब मुखिया के हथियार संबंधी कागजातों और वीडियो की वास्तविकता की जांच कर रही है। पूरी रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मनोज की रिपोर्ट