Bihar News : रक्षाबंधन को लेकर मातृशक्ति दुर्गावाहिनी की बहनों ने जवानों की कलाइयों पर बाँधी राखी, की लंबी उम्र की कामना

Bihar News : 6 बिहार बटालियन एनसीसी (NCC) में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर एक विशेष और भावनात्मक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जहाँ जवानों की कलाईयों पर बहनों ने राखी बाँधी.........पढ़िए आगे

Bihar News : रक्षाबंधन को लेकर मातृशक्ति दुर्गावाहिनी की बहन
जवानों को बाँधी राखी - फोटो : MANOJ

GAYAJI : 6 बिहार बटालियन एनसीसी (NCC) में रक्षाबंधन को लेकर एक विशेष और भावनात्मक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मातृशक्ति दुर्गावाहिनी की बहनों और दो स्थानीय निजी स्कूलों के बच्चों ने 6 बिहार बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार (कीर्ति चक्र) की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर किया। इस दौरान बटालियन परिसर में देशभक्ति और सामाजिक सौहार्द का अनोखा संगम देखने को मिला।

कमांडिंग ऑफिसर को राखी बांधने के बाद बहनों और स्कूली बच्चों ने बारी-बारी से बटालियन के सभी सैन्य अधिकारियों एवं जवानों की कलाइयों पर रक्षाबंधन का धागा बांधा। बहनों ने रक्षासूत्र बांधते हुए देश की रक्षा में तैनात जवानों की लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की ईश्वर से प्रार्थना की। जवानों ने भी बहनों को सुरक्षा का वचन दिया और उन्हें उपहार व मिठाइयां भेंट कीं।

इस अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार ने रक्षाबंधन के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के अटूट संकल्प का प्रतीक है। सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा की कठिन जिम्मेदारियों को निभाते हुए सैनिक राष्ट्र की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं, ऐसे में बहनों का यह स्नेह उनके लिए अमूल्य है।

कर्नल पंकज कुमार ने आगे कहा कि दूर-दराज के क्षेत्रों में तैनात जवानों के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत ऊर्जादायक होते हैं। जब बहनें जवानों की कलाई पर राखी बांधती हैं, तो इससे उनका मनोबल कई गुना बढ़ जाता है और उन्हें यह सुखद अहसास होता है कि पूरा देश और समाज उनके साथ खड़ा है। यह भावना उन्हें विपरीत परिस्थितियों में भी अपना कर्तव्य पूरी निष्ठा से निभाने की शक्ति देती है।

उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि एनसीसी (NCC) कैडेटों और युवाओं के भीतर देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना एनसीसी का मुख्य उद्देश्य है। रक्षाबंधन जैसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता के संदेश को मजबूत करते हैं। पूरे कार्यक्रम के दौरान जवानों, बहनों और बच्चों के बीच एक अत्यंत भावुक और आत्मीय माहौल बना रहा।

मनोज की रिपोर्ट