Bihar News : गयाजी में पिकअप पर लोड एक हज़ार से अधिक लीटर शराब पुलिस ने किया बरामद, मौके से तस्कर को किया गिरफ्तार
Bihar News : गयाजी में विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 1017 लीटर विदेशी शराब, 6 लीटर देसी महुआ शराब और एक पिकअप वाहन बरामद किया है। वहीँ तस्कर को गिरफ्तार किया है.......पढ़िए आगे
GAYAJI : बिहार में पूर्ण शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से गया पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर 24 अगस्त को जिलेभर में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है, जिसमें 1017 लीटर विदेशी शराब और 6 लीटर देसी महुआ शराब शामिल है। इसके साथ ही शराब की तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के दौरान शराब तस्करी में संलिप्त एक मुख्य आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रदीप कुमार (पिता- जयनाथ साह) के रूप में हुई है, जो झारखंड राज्य के चतरा जिला अंतर्गत लिपरा गांव का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे जिले में किन-किन ठिकानों पर खपाने की योजना थी।
कार्रवाई की विस्तृत जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि जिले के बहेरा थाना क्षेत्र में की गई बड़ी छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने 1017 लीटर अवैध विदेशी शराब की खेप के साथ पिकअप वाहन को जब्त किया। वहीं दूसरी ओर, सिविल लाइन थाना पुलिस ने भी अपने क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 6 लीटर अवैध देसी महुआ शराब बरामद की। दोनों मामलों में बहेरा और सिविल लाइन थाना पुलिस ने मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस गिरफ्तार तस्कर को न्यायिक हिरासत में भेजने के साथ-साथ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
गया पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और अंतरराज्यीय परिवहन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि शराब माफिया और तस्करों के खिलाफ किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मनोज की रिपोर्ट